कांग्रेस का आरोप - 15 साल में 10 गुनी बढ़ी रमन की संपत्ति, जांच हो: रमन ने कहा - सुप्रीम कोर्ट से यहां की पुलिस बड़ी तो जांच करा लें
कांग्रेस के चार बड़े नेताओं ने पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, पत्नी वीणा सिंह व बेटे अभिषेक सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 15 साल सीएम रहते हुए रमन की संपत्ति दस गुनी हो गई। पीएमओ द्वारा आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच बंद करने के संबंध में रमन सफेद झूठ बोल रहे हैं।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि रमन कह रहे हैं कि पीएमओ ने जांच बंद कर दी है। यह सच नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि रमन सिंह ने आय से अधिक संपत्ति बनाई। इसकी जांच की मांग करते हैं। ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि लोगों के खून पैसे की कमाई का रमन व परिवार ने शोषण किया। छत्तीसगढ़ की अस्मिता के मामले में अगर किसी ने बोलने की शुरुआत की तो वो भूपेश बघेल हैं। पनामा में रमन के पुत्र अभिषेक का नाम आया, तब जांच नहीं हुई।
जनता के सामने पूर्व सीएम के काले कारनामे सामने आए
खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि 15 साल तक सीएम रहे रमन के काले कारनामों को जानकर जनता ने उखाड़ फेंका। सभी को रमन की संपत्ति की जानकारी है। हम मांग करते हैं कि उनकी संपत्ति की जांच हो। रमेश वर्ल्यानी ने कहा कि रमन जांच के लिए स्वयं सामने आएं। उनके घोटालों की लंबी श्रृंखला है। जनता पूछ रही है कि घोटाले का पैसा कहां गया। प्रधानमंत्री से मांग है कि वो इसकी जांच का जिम्मा ईडी को सौंपे। पनामा पेपर में नवाज शरीफ जेल जाते हैं, लेकिन यहां कोई कार्रवाई नहीं होती।
पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्योरा हर चुनाव में शपथ पत्र के रूप में दिया है। 2008 से 2013 के बीच आयकर विभाग ने इस संबंध में जांच की और कोई त्रुटि नहीं पाई गई। आयकर विभाग द्वारा प्रत्येक विधायक के शपथ पत्र की जांच की जाती है। पनामा पेपर के संबंध में आरोप लगाए गए हैं। इसकी जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी गठित की है, जो पूरे देश में इस तरह के प्रकरण की जांच कर रही है। कांग्रेस यदि यह मानती है कि छत्तीसगढ़ पुलिस सुप्रीम कोर्ट से बड़ी है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआईटी से अच्छी जांच कर सकती है तो वे स्वागत करते हैं। रमन ने बताया कि अगस्त वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर खरीदी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को तथ्यों के अभाव में खारिज कर दिया था। इसी तरह अभिषेक के विदेश में बैंक खाता खोलने की याचिका भी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। रमन ने कहा कि वे 20 महीने की सरकार की पोल खाेल रहे हैं, इसलिए उन्हें टार्गेट किया जा रहा है। सरकार में भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि 20 माह में ही प्रमुख पदों पर बैठे अधिकारियों के यहां ईडी और आईटी का छापा पड़ा। जिलों में अफसर कोयले पर 25 रुपए प्रति टन लेवी वसूल रहे हैं। 30% ज्यादा रेट पर शराब बेची जा रही है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं हैं, इसलिए हवा-हवाई आरोप लगा रहे हैं। सरकार उनकी है जांच करा लें। सब जानते हैं कि इतने दिनों में जांच क्यों नहीं करा रहे।
कांग्रेस नेता-मंत्री न भूलें भ्रष्टाचार में कौन जमानत पर बाहर है
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि घोटालों का महानायक तमगे पर कांग्रेस के खानदान का एकाधिकार सुरक्षित है। उनकी छत्रछाया में कांग्रेस के दीगर नेता लूटखसोट का कलंकित इतिहास रच चुके हैं। वे यह न भूलें कि भ्रष्टाचार के मामले में कौन जमानत पर बाहर घूम रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस विफल हो चुकी है। इसे छिपाने के लिए आरोप लगा रही है। गांधी परिवार को धोखाधड़ी, टैक्स चोरी करने वाले और भ्रष्ट के रूप में जाना जाता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kxBN2y
via IFTTT
No comments