राममंदिर को लेकर कांग्रेस के खिलाफ बीएसएफ जवान ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, थाने पहुंचा केस
नक्सलियों के खिलाफ जिले के बीहड़ों में तैनात बीएसएफ का मुसीबत पीछा नहीं छोड़ रही है। कोरोना व फूड पाॅइजनिंग झेल रही बीएसएफ अब सोशल मीडिया में राममंदिर को लेकर कांग्रेस के खिलाफ दिए बयान से घिरती नजर आ रही है। मामले को लेकर कांग्रेसी सीधे अंतागढ़ थाना जा पहुंचे। इधर, भास्कर से चर्चा करते जवान ने भी माफी नहीं मांगने व मामले को लेकर देख लेेने की बात कह दी। जवान के अनुसार उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है जबकि बीएसएफ अफसर मामले को लेकर इतने घबराए हुए हैं कि मीडिया के सामने आवेदन लेने से भी इंकार कर दिया।
5 अगस्त को राम मंदिर निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर उत्साह के चलते श्रद्धालु अपने अपने स्तर पर पूजा पाठ व रामायण कार्यक्रम कर रहे हैं। अंतागढ़ के एक न्यूज चैनल के वाट्सएपग्रुप में अंतागढ़ के एक व्यक्ति ने अयोध्या में राममंदिर भूमिपूजन पर अंतागढ़ हनुमान मंदिर में रामायण पाठ की जानकारी पोस्ट की। इस पोस्ट को 5 अगस्त सुबह 7.30 बजे टैग कर बीएसएफ अंतागढ़ में तैनात जवान मगेंद्र राठौर ने कांग्रेस पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे कांग्रेसी बौखला गए और शिकायत लेकर सीधे थाना पहुंचे। थाना प्रभारी को लिखित शिकायत व सोशल मीडिया में जवान द्वारा पोस्ट का स्क्रीनशाॅट सौंपते तत्काल एफआईआर दर्ज करने मांग की।
कांग्रेसियों ने कहा जवान के आपत्तिजनक शब्द से उनकी भावना को ठेस पहुंची है। जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन करेगी। साथ ही कांग्रेसियों ने कहा वाट्सएप ग्रुप के एडमिन द्वारा जवान के पोस्ट पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं करने से प्रतीत हो रहा है
एडमिन भी समर्थन व संरक्षण दे रहा है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। शिकायत करने कांग्रेस के अखिलेश चंदेल, मुकेश ठक्कर, शेख शरीफ, घनश्याम यादव, अनीस खान, विरेंद्र पटेल, हंसराज देहारी पहुंचे थे।
मीडिया को हटाया फिर जाकर लिया आवेदन
शिकायत करने कांग्रेसी बीएसएफ कैंप भी पहुंचे तथा जवान के खिलाफ कार्रवाई करने आवेदन सौंपना चाहा। बीएसएफ के अधिकारी ने पहले आवेदन लेने से इंकार कर दिया। फिर कहा यहां से मीडिया को हटाएं फिर आवेदन लेंगे। जब मीडिया को वहां से हटाया गया तब अफसर ने आवेदन लिया।
ग्रुप में एसडीएम और एसडीओपी भी सदस्य
जिस ग्रुप में विवाद हुआ उसमें 162 सदस्य हैं। विवादित पोस्ट करने वाले जवान के अलावा अंतागढ़ एसडीएम व एसडीओपी के अलावा कई जवान व मीडियाकर्मी जुड़े हुए हैं। कांग्रेसियों ने कहा जवान के आपत्तिजनक शब्द से उनकी भावना को ठेस पहुंची है।
पहले भी हो चुके हैं विवाद
तीन साल पूर्व बांदे में तैनात बीएसएफ की एक बटालियन के जवान मोर्चा में तैनात रहने के दौरान सामने स्कूूल में मौजूद छात्राओं को अश्लील इशारा करते थे। शिकायत छात्राओं ने ही की थी। काफी विवाद के बाद पूरी बटालियन को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। डेढ़ साल पूर्व बांदे में ही जवानों ने एक वाहन पर गोली चला दी थी जिसे लेकर भी काफी विवाद हुआ था।
फंसता देख जवान ने बयान से लिया यूटर्न
भास्कर से चर्चा करते जवान मगेंद्र राठौर ने पहले कहा यह मेरी अभिव्यक्ति है। मैने किसी का नाम लेकर या कांग्रेसियों को नहीं कहा है। सिर्फ कांग्रेस कहा है। कोई नहीं बोल सकता कि मुझे बोला है। मैने उसमें कांग्रेस पार्टी या राजनीतिक दल भी नहीं लिखा है। देश में कई कांग्रेस है। फिर भी यदि कोई अपने ऊपर ले रहा है तो उसे देखा जाएगा। पूछा गया कैसे देखेंगे तो बयान से यूटर्न लेते कहा मतलब बात करेंगे। फिर कहा हम माफी मांग लेगे। कुछ देर बाद फिर बयान बदलते कहा माफी नहीं मांगेगे जो होगा देख लेगें। इसके बाद जवान ने कहा शाम को बैठक है उसके बाद ही बात कर पाऊंगा।
जांच जारी, होगी कार्रवाई
अंतागढ़ थाना प्रभारी नितिन तिवारी ने कहा मामले की जांच जारी है। नंबर जवान का है या किसी और का इसका डिटेल निकाला जा रहा है। जांच के बाद जो तथ्य पाया जाएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BZIybU
via IFTTT
No comments