धारा 144 लागू, बड़ा आंदोलन नहीं कर पाएंगे मजदूर संगठन
कोरोना महामारी के चलते बस्तर जिले में धारा 144 लागू है। ऐसे में कोई भी एेसे कार्यक्रम, जिसमें भीड़ जुटती हो, को अनुमति नहीं दी जा रही है। इन हालातों में प्रदेशभर में चल रहे एटक के आंदोलन का 8 को नगरनार में समापन होता नहीं दिख रहा है।
दरअसल नगरनार इस्पात संयंत्र के डीमर्जर और निजीकरण के विरोध में मजदूर संगठनों के आंदोलन को समर्थन देते हुए एटक ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाया है। 2 अक्टूबर से शुरू हुए अभियान का समापन 8 अक्टूबर को नगरनार में होना है, लेकिन धारा 144 इसमें बड़ी अड़चन बनती दिख रही है। इन हालातों में एटक ने 7 अक्टूबर के बाद आंदोलन को स्थगित रखने की बात कही है, जबकि स्थानीय मजदूर संगठनों ने अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही है। एटक के प्रदेश महासचिव हरिनाथ सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को प्रदेशभर के मजदूर और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य जुटकर नगरनार में विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी थी, लेकिन धारा 144 लागू होने के कारण इसकी संभावना अब कम ही दिख रही है।
रोज कार्यालय के सामने आधे घंटे का विरोध होगा
नगरनार इस्पात संयंत्र के मजदूर नेता महेंद्र जॉन ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण लागू धारा 144 के चलते जहां एक साथ एक जगह पर जुटकर विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता, लेकिन मजदूर संगठनों द्वारा रोज प्रोजेक्ट कार्यालय के सामने आधे घंटे का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके अलावा जब तक डीमर्जर और निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक नहीं लग जाती, तब तक काली पट्टी लगाकर ही वे काम करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36RqmhZ
via IFTTT
No comments