गड्ढे के कारण 20 फीट तक उछली कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत
आतुरगांव के निकट रविवार सुबह अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। जिसमें चालक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 140 से अधिक पर थी। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि निर्माणाधीन सड़क में अचानक सामने आए गड्ढे में जाकर वह 20 फीट उछल पेड़ से टकराई। परिजनों के अनुसार कार में रकम थी जो गायब थी। खबर मिलते ही जब पेट्रोलिंग वाहन पहुंची वहां भारी भीड़ लगी थी। रिश्तेदारों के सामने ही कार की तलाशी ली गई लेकिन उसमें रकम नहीं मिली। जिससे रकम अब रहस्य बन गई है।
बालोद जिले के झलमला का युवक गिल्डन कुमार पटेल 22 वर्ष पिता मुुकुंद कार लेकर जगदलपुर की ओर जा रहा था। रविवार सुबह 8.30 बजे आतुरगांव के निकट सड़क हादसे का शिकार हो गया। जहां हादसा हुआ वहां नई सड़क बन रही है जिसमें अचानक सामने आए गड्ढे में युवक ने अपना नियंत्रण खो दिया। पूरे रफ्तार से चल रही कार गड्ढे में जाने से किसी गेंद की तरह ऊपर उछल गई और 20 फीट ऊपर एक पेड़ से टकराई। कार का पिछला हिस्सा पेड़ से टकराया और फिर कार वापस नीचे गिर गई। तत्काल आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे और संजीवनी के वाहन के माध्यम से चालक को अस्पताल भेजे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पेट्रेालिंग वाहन भी वहां पहुंची तो कार के आसपास भीड़ लगी थी। खबर मिलने के बाद कांकेर में मौजूद युवक के रिश्तेदार व परिचित भी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने कहा कार में रकम होने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने रिश्तेदारों के सामने ही कार की तलाशी ली लेकिन रकम कहीं नहीं मिली। आशंका है की रकम को कहीं भीड़ से किसी ने पार तो नहीं कर दी।
कार, मालिक, रकम व यात्रा सभी में पेंच
इस हादसे में कई पेंच हैं। जिस कार में हादसा हुआ उसका नंबर सीजी 17 केएफ 8888 तथा मालिक जगदलपुर निवासी प्रकाश महेश्वरी है। कार का बीमा भी जगदलपुर में ही किया गया है। लेकिन जब मालिक से पुलिस ने पूछताछ की तो कहा वह बालोद जिले का रहने वाला है। परिचित का कहना है युवक पैसा देने जगदलपुर जा रहा था। लेकिन कितना पैसा था और किसे छोड़ने जा रहा था यह स्पष्ट नहीं है। वहीं युवक झलमला में पान की दुकान के साथ वाहन चलाने का भी काम करता था। कार मालिक ने वाहन युवक को बेची नहीं है फिर कार उसके पास कैसे आई और वह क्यों रकम छोड़ने जा रहा था इसका भी जवाब किसी के पास नहीं है।
परिचितों के सामने हुई जांच, नहीं मिली रकम
ट्रैफिक इंचार्ज रोशन कौशिक ने बताया सूचना के बाद जब पुलिस वहां पहुंची कार के पास काफी भीड़ थी और घायल चालक को अस्पताल भेजा जा चुका था। पुलिस वहां पहुंच तैनात हो गई। परिचित जब आए तब उनके व भीड़ के सामने ही कार की तलाशी ली गई। लेकिन कहीं रकम नहीं मिली। इसके पहले पुलिस ने कार की तलाशी नहीं ली।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34pY8ch
via IFTTT
No comments