दावा: पीएमजीएसवाई की 379 सड़कें दुरूस्त हकीकत: सड़कों पर पैदल चलने में भी परेशानी
जिले में पीएमजीएसवाई के अधिकांश सड़कें दुरूस्त हैं। सिर्फ 34 सड़कों को रिनुवल व पेंच रिपेयरिंग का काम किया किया जाना था जिसमें से सिर्फ 5 सड़कों में रिपेयरिंग का काम ही बचा है। विभागीय आंकड़ों को देखकर ऐसा लगता है कि जिले में ग्रामीण सड़कों की हालत बेहतर है और सभी गांव तक आसानी से पहुंचा जा सकता है, पर हकीकत इससे परे है। कई सड़कें समय से पहले ही खस्ताहाल हो गई हैं। ना तो इन सड़कों के रिनुवल का समय आया है और ना ही विभाग पेंच रिपेयरिंग के लिए फंड लाने की कोशिश कर रहा है। जिसका खामियाजा ग्रामीण जनता को भुगतना पड़ रहा है।
विभागीय जानकारी के मुताबिक जशपुर की 47 सड़कें जिनकी लंबाई 237.88 किमी तथा पीआईयू पत्थलगांव अंतर्गत 66 सड़कें जिसकी लंबाई 275.51 किमी है, पांच साल के संधारण अवधी में है। जिसमें ठेकेदार द्वारा नियमित संधारण किया जा रहा है। शहर के निकट ही नीमगांव जाने वाली सड़क टिकैतगंज के पास इतनी खराब है कि इसमें कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। आगडीह जाने वाली सड़क की हालत भी ठीक नहीं है। कई जगह टूट-फूट है। फरसाबहार ब्लॉक में पंडरीपानी के गांधी चौक के पास से गुजरने वाली सड़क बेहद खराब है। स्थानीय जनता व जनप्रतिनिधियों द्वारा इस संबंध में कई बार शिकायत की है। इसके बावजूद सुधार नहीं हो पा रहा है। गंझियाडीह से पेंरवाआरा की सड़क की हालत भी खराब है।
हाइवे निर्माण के कारण चौपट हुई कई सड़कें
जिले में बन रही नेशनल हाइवे 43 के निर्माण के कारण पीएमजीएसवाई की कई सड़कें खराब हो चुकी हैं। पीएमजीएसवाई सड़कों की क्षमता ग्रामीण आवागमन को ध्यान में रखते हुए बनाई जाती है। पर हाइवे निर्माण के दौरान मुख्य सड़क के बंद होने के कारण अधिकांश वाहनों का आवागमन ग्रामीण सड़कों से हुआ है। इसके अलावा हाइवे बनने के लिए निर्माण सामग्रियों से भरे भारी-भरकम ट्रकों की आवाजाही भी ग्रामीण सड़कों से हुई है। पत्थलगांव के तमता, बागबहार इलाके की सड़कें एनएच के निर्माण व खराब एनएच के कारण खराब हुई हैं।
एक नजर पीएमजीएसवाई की सड़कों पर
पीएमजीएसवाई 1
- कुल सड़कें - 379
- लंबाई - 1845.38 किमी
- लागत - 610.05 करोड़
- स्थिति - सभी सड़कें पूर्ण
पीएमजीएसवाई 2
- कुल सड़कें - 8
- लंबाई - 100.56 किमी
- लागत - 68.70 करोड़
- स्थिति - सभी सड़कें पूर्ण
पीएमजीएसवाई 3
- कुल सड़कें - 6
- लंबाई - 83.75 किमी
- लागत - 49.34 करोड़
- स्थिति - काम प्रगति पर।
नेशनल हाइवे निर्माण के कारण खराब हुई सड़क
"पीएमजीएसवाई में गांव-गांव में सड़कें बना दी गई हैं, जो सड़कें खराब है। उसका रिनुवल व रिपेयरिंग होती है। जिन सड़कों के रिनुवल की मंजूरी वर्तमान वित्तीय वर्ष में नहीं मिली, उसकी स्वीकृति आगामी वर्ष में मिल जाती है। एनएच निर्माण के कारण अधिकांश ग्रामीण सड़कें खराब हुई हैं।''
-एसबी टेम्भुरने, ईई, पीएमजीएसवाई
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/385dh5b
via IFTTT
No comments