राजनांदगांव में बेटे ने फांसी लगा दे दी जान, दुखी पिता ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या
राजनांदगांव के कामठी लाइन इलाके में आपसी विवाद के बाद पहले बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे की मौत के बाद दुखी पिता ने भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना शनिवार शाम की है। एक ही परिवार के पिता-पुत्र के आत्महत्या की खबर के बाद इलाके में मातम का माहौल है। उधर, घटना की सूचना के बाद GRP और बसंतपुर की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मृतक बेटे की पहचान 35 साल के विकास अग्रवाल जबकि पिता की पहचान राजेश उर्फ गोविंद अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से पिता और बेटे के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। विकास ने अपने कुछ परिचितों के साथ मिलकर बिजनेस में इन्वेस्ट किया था लेकिन कारोबार नहीं चला। विकास अपने पिता से और रुपयों की मांग कर रहा था लेकिन राजेश अग्रवाल ने रुपए देने से इंकार कर दिया था। हाल ही में राजेश ने जमापूंजी को फिक्स डिपॉजिट करवा दिया। इस बात से बेटा नाराज हो गया।
दीपावली की सुबह और दोपहर बाप-बेटे में हुआ था झगड़ा
बताया जा रहा है कि दीपावली की सुबह और दोपहर बाप-बेटे के बीच रुपए को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद विकास नाराज होकर गोदाम चला गया। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो राजेश अपनी पत्नी के साथ गोदाम गए। वहां देखा कि विकास फंदे पर लटका है। उसे उतार कर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत के बाद राजेश कुछ देर बाद पत्नी को छोड़ने घर आए और मोबाइल वगैरह घर पर ही रखकर कुछ देर में लौटने की बात कहकर बाहर चले गए। उन्होंने गौरी नगर रेलवे फाटक के पास सामने से आ रही ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2IEuBTX
via IFTTT
No comments