अजमेर डाक मंडल के 2 लाख खाता धारकों ने नहीं रखा न्यूनतम बैलेंस, 11 दिसंबर से 50 की बजाए 500 न्यूनतम बैलेंस रखना था
(गिरीश दाधीच)
अजमेर डाक मंडल में 2 लाख 7 हजार 443 (74.64 प्रतिशत) खाता धारकों ने डाक विभाग की अपील के बाद भी अपने न्यूनतम बैलेंस को अपडेट नहीं किया है। अब इन उपभोक्ताओं को वित्तीय वर्ष के अंत में 100 रुपए की पैनल्टी रखरखाव शुल्क के रूप में भुगतनी होगी। डाक विभाग के बचत खातों में पहले न्यूनतम बैलेंस 50 रुपए था, जिसे अब 500 रुपए कर दिया गया है।
डाक विभाग की ओर से करीब एक साल पहले ही यह फैसला लिया गया था कि बचत खातों में न्यूनतम बैलेंस 50 रुपए की बजाए 500 रुपए किया जाए। इसके लिए गत 11 दिसंबर 2020 अंतिम तारीख थी, इस तारीख तक उन उपभोक्ताओं को अपने खातों के बैलेंस अपडेट करने थे, जिनमें 500 रुपए से कम राशि का बैलेंस था। डाक विभाग की ओर से अपने उपभोक्ताओं को इस बारे में बार-बार अपील कर जागरुक करने का भी कार्य किया गया। डाक कर्मचारियों ने भी ने बैंकिंग काम से आने वाले उपभोक्ताओं को जागरुक करने का कार्य किया। डाक घरों में पोस्टर भी चस्पा किए गए, मगर इसका प्रभावी असर नहीं हो पाया।
अजमेर डाक मंडल में कुल बचत खातों की संख्या 2 लाख 77 हजार 902 है, इनमें से महज 70 हजार 459 खाता धारकों ने ही नए कायदों के मुताबिक अपने बैलेंस को अपडेट किया। हालांकि इसमें भी कई खाता धारकों के खातों में पहले से ही हाल ही में संशोधित हुए न्यूनतम बैलेंस की राशि जमा थी। जिन खाताें का बैलेंस अपडेट नहीं हाे पाया है, उनमें से अधिकांश खाते मनरेगा श्रमिकाें के भी हैं।
किसी भी प्रकार के भुगतान के लिए जरूरी है बचत खाता डाक विभाग में किसी भी जमा योजना के भुगतान को प्राप्त करने के लिए बचत खाता खुलवाना जरूरी होता है, क्योंकि सभी बचत योजनाओं का भुगतान या ब्याज केवल बचत खाते में ही डाला जाता है। राष्ट्रीय बचत पत्र, किसान विकास पत्र, मासिक आय योजना, सावधि जमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, सीनियर सिटीजन स्कीम, आवर्ती योजना सहित अन्य बचत योजनाओं की परिपक्वता राशि पाने के लिए बचत खाते खुलवाना जरूरी होता है।
ऐसे में अन्य जमा योजनाओं में निवेश करने वाले उपभोक्ताओं ने भी अपना भुगतान लेने के लिए इन खातों को खुलवाया, मगर अपना भुगतान लेने के बाद इन खातों पर ध्यान नहीं दिया। ऐसे खाता धारकों की संख्या भी भारी तादाद में है। ऐसे में अब सभी खाता धारकों के खातों में न्यूनतम बैलेंस 500 रुपए जमा कराना डाक विभाग के लिए आसान नहीं होगा।
अजमेर डाक मंडल का क्षेत्र : अजमेर शहर, पुष्कर, कड़ैल, रूपनपगढ़, तिलोनिया,किशनगढ़, हरमाड़ा और सराधना सहित अन्य क्षेत्र आते हैं।
जिन ग्राहकों ने अपने न्यूनतम बैलेंस को अपडेट नहीं किया, उन्हें अब वित्तीय वर्ष के अंत में रखरखाव शुल्क देना होगा।
-पवन कुमार शर्मा, डाक प्रवर अधीक्षक
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3niXGnc
via IFTTT
No comments