687 करोड़ रुपए से इस साल तैयार होगी रायसिंहनगर-पूगल रोड
थर्मल के बाद श्रीगंगानगर जिले को इस साल दूसरी बड़ी सौगात रायसिंहनगर से पूगल तक बन रही भारत माला रोड की मिलेगी। अभी जिले में रायसिंहनगर से पूगल तक 162 किमी. लंबी रोड बन रही है, जिस पर 687 करोड़ की लागत आई है। यह काम संभवत: अप्रैल से जून के बीच पूरा होगा। अभी यह स्टेट हाईवे था, काम पूरा होने के बाद यह नेशनल हाईवे में तब्दील हो जाएगा। निर्माण कंपनी के अधिकारी गिरीश खंडेलवाल ने बताया कि पूरी रोड पर 1 ओवरब्रिज व 9 अंडरपास बन रहे हैं।
इनमें सबसे बड़ा ओवरब्रिज अनूपगढ़ में बन रहा है, जो अंतिम चरण में है। पुल पर सड़क का काम पूरा हो चुका है, साइडों पर काम चल रहा है। करीब दो किमी. लंबा यह पुल बीकानेर संभाग का सबसे बड़ा पुल है। पूरी रोड 14 मीटर चौड़ी होगी, जिनमें 10 मीटर सड़क व 2-2 मीटर के दोनों ओर बर्म होंगे।
भारत माला के तहत यह पूरी रोड साधुवाली (श्रीगंगानगर) से शुरू होकर रावला, पूगल होते हुए बीकानेर से भी आगे तक बनेगी। दूसरे चरण में यह सड़क साधुवाली से रायसिंहनगर तक बननी है, जिसके इसी साल टेंडर होंगे। उम्मीद है कि यह निर्माण भी इस साल शुरू हो जाएगा। पूरा प्रोजेक्ट मार्च 2019 में शुरू हुआ था।
गांवों को लाभ- 9 अंडरपास से सफर आसान
162 किमी. लंबी पूरी रोड में 9 अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा फायदा गांवों की ओर जाने वाले लोगों को होगा। हालांकि बारिश सीजन में पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ेगी।
बड़ा फायदा- जाम नहीं, समय भी बचेगा
रोड पूरी होने के बाद बड़ा फायदा यह होगा कि यहां जाम नहीं लगेगा। इसी तरह श्रीगंगानगर से रावला तक जाने में भी एक से दो घंटे का समय बचेगा। अभी रोड टूटी होने के कारण लोगों को सूरतगढ़ होकर जाना पड़ता है।
आगे क्या- अब श्रीगंगानगर से रोड बनेगी
इस रोड के बनने के बाद दूसरे चरण में साधुवाली से रायसिंहनगर तक रोड बनाई जाएगी। यह साधुवाली से शुरू होकर जैड माइनर से श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर होते हुए रायसिंहनगर तक जाएगी। इसके अभी टेंडर होने हैं।
जानिए रोड के बारे में सब कुछ
162 किमी. लंबी रोड बन रही है। अभी इस सड़क की चौड़ाई 6 मीटर है, जो अब 14 मीटर हो जाएगी।
10 पुल इस पूरी रोड पर बनाए जा रहे हैं। इनमें 1 ओवरब्रिज व 9 अंडरपास बनाए जा रहे हैं।
12 हजार से ज्यादा वाहनों को हर रोज फायदा होगा। इतने वाहन हर रोज यहां से गुजरते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3rGOYlv
via IFTTT
No comments