गढ़िया पहाड़ के तीसरे मोड़ से 3 युवतियां स्कूटी समेत गिरीं, पेड़ से लटककर बचीं
गढ़िया पहाड़ दर्शन करने पहुंची युवतियों की स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर घाट के तीसरे मोड़ में लोहे की रेलिंग को तोड़ नीचे गिर गई। हादसे में युवतियां पेड़ व झाडिय़ों में लटक गई जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घाट के नीचे निर्माण कार्य में जुटे मजदूर मदद के लिए तत्काल दौड़े और युवतियों को पेड़ व झाडिय़ों से बाहर निकला। घायल तीनों युवतियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। यहां उनका इलाज जारी है। तीनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कुरिष्टकुर निवासी युवती ऊषा यादव अपनी सहेली रितू कचलाम के साथ स्कूटी में गांव से कांकेर संजय नगर स्थित सिलाई सेंटर में सिलाई सीखने आई थी। इसी दौरान कांकेर में अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रही सरोना निवासी तनूजा मंडावी के घर पहुंची। तीनों सहेली एक स्कूटी में गढ़िया पहाड़ चले गए। ऊषा यादव का कहना है वह उपवास थी तथा सोमवार होने के कारण शिव भगवान के दर्शन करने पहाड़ गई थी। दर्शन के बाद तीनों वापस लौटने लगीं। स्कूटी ऊषा चला रही थी। इसी दौरान तीसरे मोड़ में स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई। युवती के अनुसार उसने ब्रेक लगाने कोशिश की लेकिन ब्रेक फेल हो गया और स्कूटी रेलिंग से जा टकराई। स्कूटी की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोहे की रेलिंग टूट गई और स्कूटी व उसमें सवार तीनों युवतियां झाडिय़ों व पेड़ में जा फंसे। एक युवती पेड़ में लटक गई। कुछ देर बाद जब स्कूटी नीचे नाले में गिरी तो वहां काम कर रहे मजदूर अवाज सून तत्काल मदद के लिए दौड़े। जैसे तैसे युवतियों को निकाल तत्काल मजदूरों ने बाइक से युवतियों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाले में गिरी स्कूटी को बाहर निकाला। युवतियों के चेहरे व हाथ पैर में चोटें आई है। मदद करने पहुंचे मजदूर परमेश्वर नेताम, चंद्र शेखर उसेंडी, प्रदीप पटेल, माईकल, मनौज जैन, चुमन ने बताया कि युवतियों के झाड़ियों में फंसने से एक बड़ा हादसा टल गया
पहले भी हुई थी घटना स्कूटी दो टुकड़े हो गई
इस घटना के तीन महीने पहले भी इसी तरह शहर के एक कारोबारी के घर बाहर से आई महिला स्कूटी से पहाड़ गई थी। अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। महिला तो ऊपर रह गई लेकिन नीचे गिरी स्कूटी दो टुकड़े हो गई थी। पहाड़ में हो रहे इस तरह के हादसे को रोकने व्यवस्था करने लोगों ने मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2D7CzlE
via IFTTT
No comments