केंवटी-अंतागढ़ के बीच 100-110 किमी प्रति घंटे की स्पीड से ट्रेन दौड़ाई
रावघाट परियोजना के तहत केंवटी से अंतागढ़ रेल लाइन का ट्रायल लेने कोलकाता से रेलवे सेफ्टी की टीम शुक्रवार को पहुंची थी। इस टीम ने अंतागढ़- केंवटी के बीच नई ब्राडगेज लाइन का डीजल लोको के साथ 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से ट्रायल किया। ट्रायल सफल रहा। रेलवे के सेफ्टी आयोग ने इस मार्ग पर ट्रेन चलाने हरी झंडी दे दी है। इससे रायपुर तथा दुर्ग से केंवटी तक चलने वाली
पैसेंजर ट्रेन के अब अंतागढ़ तक चलने का रास्ता तय हो गया है। फिलहाल कोरोना संक्रमण के कारण ट्रेन का संचालन बंद है, लेकिन जैसे ही ट्रेनों का संचालन शुरू होगा ट्रेन अंतागढ़ तक की सफर तय करेगी।
दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर परियोजना के तहत कुल 235 किलोमीटर तक रेल लाइन बिछाने का कार्य रेलवे, छत्तीसगढ़ शासन, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड एनएमडीसी के संयुक्त प्रयास से चल रहा है। प्रथम चरण में रायपुर रेल मंडल ने दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन 95
किलोमीटर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत दल्लीराजहरा से अंतागढ़ तक 59 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
दल्लीराजहरा से केंवटी तक 42 किलोमीटर रेल लाइन शुरू हो चुका है। केंवटी तक पैसेंजर ट्रेन चलने लगी है। इसी रेल लाइन का विस्तार केवटी से अंतागढ़ तक 17 किलोमीटर और कर दिया गया है।
अंतागढ़ में स्टेशन की व्यवस्था देखी
स्पेशल निरीक्षण ट्रेन बोगी के साथ केंवटी स्टेशन में सुबह 9 बजे पहुंची। यहां पूजा-अर्चना के बाद सुबह 10 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। इसके बाद सीआरएस एके राय ट्राली में बैठकर निरीक्षण करते अंतागढ़ पहुंचे। साथ में डीआरएम सहित आला अधिकारी भी थे। अंतागढ़ में रेललाइन के साथ स्टेशन का भी निरीक्षण किया। स्पेशल ट्रेन में बैठकर वापस आए।
30 जुलाई को हुई थी इंजन रोलिंग की जांच
इस रेलवे ट्रैक पर पहली बार इंजन रोलिंग की जांच सफलतापूर्वक 30 जुलाई को की गई थी। इंजन रोलिंग जांच के बाद आयुक्त रेलवे सेफ्टी द्वारा 21 अगस्त को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण करने कोलकाला से आयुक्त रेलवे सेफ्टी एके राय अपनी टीम के साथ विशेष ट्रेन से पहुंचे थे। केंवटी से अंतागढ़ के मध्य नई लाइन का मोटर ट्राली द्वारा परिचालन करते सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का निरीक्षण किया गया। ट्रायल के दौरान आयुक्त रेलवे सेफ्टी एके राय के अलावा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मंडल रेल प्रबंधक रायपुर श्यामसुंदर गुप्ता सहित मुख्यालय बिलासपुर तथा रायपुर मंडल व रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2EpSU5X
via IFTTT
No comments