15 हाथियों ने करजंवार गांव में 40 एकड़ फसल बर्बाद की
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर-सरहरी मार्ग पर स्थित करंजवार में सोमवार देर रात 15 हाथियों के दल ने करंजवार के ग्रामीणों की 40 एकड़ फसल को बर्बाद कर दिया। सुबह लोगों ने फसल बर्बाद देखकर वन अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब फसल को हाथी नुकसान पहुंचा रहे थे तब रात में फोन लगाया तो आप लोगों ने रिसीव नहीं किया, तब जनहानि भी हो सकती थी।
इस दौरान ग्रामीणों से अफसरों की तीखी नोक-झोंक हुई। इसके बाद अफसरों ने मुआवजा प्रकरण तैयार किया। ग्रामीणों ने वन अफसरों को चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरती है तो वे चक्काजाम व वन कार्यालय का घेराव करेंगे। बता दें कि करंजवार में 16 अगस्त की सुबह प्रतापपुर से 4 किमी दूर जंगल में एक हाथी का शव मिला था। इस मामले में करंजवार गांव के 2 ग्रामीणों को हिरासत में भी लिया था। तब अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इसी बीच सोमवार रात 15 हाथियों के दल ने बांसापारा, गेल्हाचुआं व पटेलपारा में करीब 40 एकड़ धान, मक्का, गन्ना व उड़द समेत अन्य फसलों को बर्बाद कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार सुबह वन विभाग के एसडीओ मनोज विश्वकर्मा, रेंजर पीसी मिश्रा और वनकर्मी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने खरीखोटी सुनाई। ग्रामीणों का कहना था कि रात में अधिकारियों को फोन लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके अलावा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी क्षेत्र में नजर नहीं आते हैं और न ही हाथियों के आने की सूचना देते हैं।
एसडीओ-रेंजर ने किसानों का बनाया मुआवजा प्रकरण
डीएफओ ने बताया कि 17 ग्रामीणों का मुआवजा प्रकरण तैयार किया गया। हाथियों ने हीरालाल सिंह, विक्रम सिंह, जयलाल मानिकपुरी, पवन साहू, राजमन साहू, अर्जुन साहू, लक्ष्मण रवि, लालसाय मानिकपुरी, रनसाय सिंह, जगन्नाथ सिंह, शिवनारायण साहू, रामखेलावन व सोमारु साहू के मक्के, धान आदि की फसल बर्बाद की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YfqHWl
via IFTTT
No comments