हाराडुला में शीतला मंदिर की प्रतिमा तोड़ी, 22 दिन में तीसरी घटना, विरोध में नेशनल हाईवे किया जाम
जिले में लगातार धार्मिक स्थलों में की जा रही तोड़फोड़ के विरोध में चारामा में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया गया। सोमवार रात ग्राम हाराडुला में शीतला मंदिर में देवी प्रतिमा तोड़ने की घटना के बाद लोग असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने सड़क पर उतर गए। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तोड़फोड़ करने वालों की जल्द पतासाजी कर कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी।
चारामा विकासखंड के ग्राम पंचायत हाराडुला में सोमवार 17 अगस्त की रात शीतला मंदिर में कुछ अज्ञात लोग घुसे और प्रतिमा को खंडित कर दिया। सुबह खबर आग की तरह फैल गई। कई संगठनों ने इसका विरोध करते दोपहर एक बजे चारामा में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था जिले में देवी देवताओं का अपमान कर मूर्ति व प्रतीक चिन्हों को तोड़ा जा रहा है। लोगों की मांग थी मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। चक्काजाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। कुछ देर बाद कांकेर से एएसपी कीर्तन राठौर भी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
आरोपी पकड़े नहीं जाते, जो पकड़े गए वे मानसिक रोगी
जिले में अबतक जितने भी देवी देवताओं की मूर्तियों को तोड़ने की घटना हुई है उसमें अधिकांश में आरोपी पकड़ से बाहर हैं। यदि कोई पकड़ में आ भी जाता है तो उसे मानसिक रोगी बता दिया जाता है। 22 दिनों में हुई तीनों घटना के आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आए हैं जबकि तीन माह पहले सरोना की घटना में पकड़ाया आरोपी मानसिक रोगी बताया गया। एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया हाराडुला में मूर्ति तोडऩे की घटना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
जानिए पिछले 22 दिनों में 3 मंदिरों में तोड़फोड़
- 28 जुलाई - चारामा के किलेपार स्थित हनुमान मंदिर में प्रतिमा तोड़ी गई।
- 11 अगस्त - कांकेर के दसपुर में शिव मंदिर में प्रतिमा तोड़ी गई।
- 17 अगस्त - हाराडुला में शीतला मंदिर में घुस तोड़फोड़ की गई।
- इसके अलावा तीन माह पूर्व सरोना में भी हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34b6aWT
via IFTTT
No comments