दादा-दादी, पोता-पोती समेत नए 10 मरीज मिले
मंगलवार को जिले में कोरोना के नए 10 मरीज मिले। इनमें भानुप्रतापपुर में एक ही परिवार के दादा दादी, पोता पोती के कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। जिले में अबतक यह पहला मामला है जिसमें एक ही परिवार के चार लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा मंगलवार को ही फुलपाड़ में बीएसएफ जवान, बाबूकोहका में सीआरपीएफ जवान, अंतागढ़ व उपर कामता में दो महिला किसान, चारामा में अस्पताल का सफाईकर्मी के अलावा पखांजूर में फेरी लगाकर कपड़ा बेचने वाला युवक भी पाॅजिटिव पाया गया है।
भानुप्रतापपुर में वार्ड क्रमांक 12 में एक ही परिवार में चार लोगों को पाजिटिव पाया गया है जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इनके पाॅजिटिव पाए जाने के बाद इनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी तो जुटाई जा रही है साथ ही उक्त चारों किस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए इसकी भी जांच की जा रही है। पाॅजिटिव परिवार में दादा-दादी के अलावा 15 वर्ष का पोता तथा 13 वर्ष की पोती भी शामिल है।
परिवार के मुखिया ने स्वयं ही अस्पताल जाकर जांच कराई थी। पाॅजिटिव आने के बाद पूरे परिवार की जांच की गई तो 3 अन्य पॉजिटिव पाए गए। परिवार का एक सदस्य भानुप्रतापपुर के एक जज का वाहन चालक भी है लेकिन जांच में उक्त चालक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। साथ ही जज की भी जांच की गई जिसकी भी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
छुट्टी बिताकर लौटे जवान भी पाए जा रहे कोरोना पाॅजिटिव
जिले में छुट्टी से वापस व छुट्टी लेकर आने वाले जवानों के पाॅजिटिव मिलने का घटना रुक नहीं रहा है। मंगलवार को भी दो जवानों को पाजिटिव पाया गया है जिसमें अंतागढ़ के फुलपाड़ बीएसएफ कैंप में छुट्टी से वापस लौटा जवान पाजिटिव पाया गया। इसके अलावा चारामा के बड़ेगौरी गांव में सीआरपीएफ का जवान छुट्टी में घर लौटा था जिसे बाबुकोहका क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। पाजिटिव पाए जाने के बाद उसे भी कोविड अस्पताल रेफर किया गया।
पखांजूर में कपड़ा बेचने की तैयारी में था पाॅजिटिव फेरी वाला
पखांजूर व आसपास के गांव में फेरी लगाकर कपड़ा बेचने वाला युवक कलकत्ता का रहने वाला है तथा यहां किराए के मकान में रहता है। कोरोना के चलते वह अपने घर कलकत्ता चला गया था। वर्तमान में दुर्गा पूजा करीब आने पर वह साथियों के साथ कपड़ा लेकर पखांजूर पहुंचा। मकान मालिक ने कोरोना टेस्ट कराने के बाद ही मकान देने कहा। युवक अपने साथियों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचा जहां एंटीजेन टेस्ट में 6 की रिर्पोट निगेटिव तथा इस एक की पाॅजिटिव आई।
मकान मालिक की जागरूकता ने टाली मुसीबत
कोरोना पाजिटिव फेरी वाले की जांच सिर्फ मकान मालिक की जागरूकता के कारण हुई। युवक में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। ऐसे में यदि वह इलाके में घूमकर कपड़ा बेचता तो कई लोग उसके संपर्क में आते। मकान मालिक की जागरूकता की सभी ने सराहना की। वार्ड पार्षद मोनिका साहा ने सभी वार्डवासियों से कहा बाहर से आने वालो की जानकारी प्रशासन या उनको दें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iWLeXR
via IFTTT
No comments