नदी-नाले फुल, अंबिकापुर-रायगढ़ और प्रतापपुर रोड बंद, धान की खेती बर्बाद
सरगुजा संभाग में इस सीजन में पहली बार मंगलवार रात से मूसलाधार बारिश से नेशनल हाईवे सहित कई मार्ग बंद हो गए हैं। एनएच 43 में बतौली इलाके के रघुनाथपुर-लमगांव के बीच बाइपास में बने पुल के ऊपर तीन फीट से अधिक पानी हाेने के कारण पूरे दिन हाईवे जाम रहा।
इससे दोनों तरफ सैकड़ों ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। इसी तरह अंबिकापुर से प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित खड़गवां में रपटा पुल डूब जाने से वाहनों की आवाजाही बंद होने से पूरे दिन लोग हलाकान रहे। ऐसे में नाव से एक गांव से दूसरे गांव जाने वाले लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। बता दें कि मौसम विभाग ने तेज बारिश के आसार के चलते पहले ही अलर्ट जारी किया था। बुधवार को लगातार बारिश होती रही। सबसे अधिक परेशानी नेशनल हाईवे 43 रायगढ़ अंबिकापुर मार्ग में लोगों को हुई। बता दें कि इस मार्ग की जर्जर पुलिया और रोड का निर्माण साथ ही होना है, जो नहीं हो रहा है। वहीं ठेकेदार और अफसरों की लापरवाही के कारण यह मार्ग दलदल बन गया है तो इससे वाहन फंस जाते हैं। वहीं बुधवार को पुल के ऊपर से पानी जाने के कारण वाहन चालक सुबह से शाम चार बजे तक फंसे रहे।
वाहनों की आवाजाही ठप रहने से महान कोल खदान से ट्रांसपोर्टिंग बंद
यहां बाइक को लोगों ने ढोकर पार किया तो कई लोग बच्चों और महिलाओं को गोद में ढोकर पार हुए। यहां पुलिस भी मौजूद नहीं थी। दूसरी तरफ अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्यमार्ग के खड़गवां में महान नदी में बाढ़ आने से रपटा पुल से करीब छह फीट ऊपर तक पानी निकला। मंगलवार रात 12 बजे से बुधवार देर शाम तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। महान कोल माइंस से कोयले की ट्रांसपोर्टिंग भी बंद रही।
किसान बोले- इस सीजन में पहली बार लगातार इस तरह हुई बारिश
बाकी नदी में बाढ़ आने के कारण नदी और नहरों से लगे इलाके के खेतों में बाढ़ का पानी आ गया है। इससे भी कई एकड़ धान की फसल बर्बाद हुई है। किसानों का कहना है कि अब तक इस साल लगातार ऐसी बरसात नहीं हुई थी। किसानों का कहना है कि अधिक बारिश होने के कारण तराई वाले खेत जिनमें पानी भर रहा है। उनमें फसलों के नुकसान होने की आशंका बढ़ रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CZQGts
via IFTTT
No comments