इंद्रावती खतरे के निशान से नीचे लेकिन अलर्ट जारी, डोंगी-बोट से नदी पार करने पर रोक
क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। दंतेवाड़ा के पड़ोसी जिलों में बाढ़ आने के बाद दंतेवाड़ा भी हाई-अलर्ट पर है। अभी इंद्रावती खतरे के निशान से नीचे है। लेकिन नदी के उफान व खतरे को देखते हुए नदी पार करने पर रोक लगा दी गई है। डोंगी और मोटर बोट को बंद कर दिया गया है। भारी बारिश के चलते इन इलाकों में प्रशासन का हाई-अलर्ट है।
इधर कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर अपर कलेक्टर अभिषेक अग्रवाल अपनी टीम के साथ इंद्रावती नदी घाट के आसपास का जायजा लेने पहुंचे। बाढ़ के हालात हो देखते हुए यहां के ग्रामीणों को फिलहाल नदी पार नहीं करने को कहा गया है। बताया जा रहा है जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती तब तक आवाजाही पर रोक रहेगी। जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन ने बताया कि दंतेवाड़ा के जिन क्षेत्रों में नदी नाले उफान पर हैं वहां अलर्ट जारी किया गया है। राजस्व विभाग की टीम लगातार ऐसे इलाकों पर नजर रख रही है। डोंगी, मोटर बोट पर भी रोक है। दंतेवाड़ा के बाढ़ पर प्रभावित 14 गांवों के अलावा दंतेवाड़ा के उन पुल-पुलियों को पार करने पर भी रोक है जहां सबसे ज्यादा खतरा है। इनमें गंजेनार, पोन्दुम, मसेनार सहित अन्य इलाके के पुल- पुलिया से आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश हैं।
कई इलाकों में मकान धराशायी
कई इलाकों में ग्रामीणों के कच्चे मकान भी धराशायी हो गए हैं। कुआकोंडा के टिकनपाल गांव के पांडुराम का घर धराशायी हो गया। किरंदुल इलाके में भी ग्रामीणों के मकानों की दीवार ढह गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kT3CCN
via IFTTT
No comments