18 माह की बच्ची, एक ही परिवार के 13 लोग, विधायक का भाई संक्रमित
]शहर में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है मंगलवार को भी 48 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इस पूरे मामले में सबसे चिंताजनक बात यह है कि जो लोग पॉजिटिव आए हैं वह घनी आबादी के संपर्क में आने वाले लोग हैं। इनमें होटल संचालक, सेंट्रल जेल, नगर निगम के कर्मचारी, सिनेमा हॉल संचालक के परिवार का सदस्य, सब्जी बेचने वाले दो लोग समेत एक विधायक के भाई और उनकी पत्नी, मेकॉज के एक कर्मचारी समेत अन्य कई लोग शामिल हैं। इसके अलावा धरमपुरा इलाके में रहने वाली एक 18 माह की मासूम भी कोरोना की चपेट में आई है। मासूम के माता-पिता भी कोरोना पॉजिटिव हैं। ऐसे में पूरे परिवार के सदस्यों को एक साथ हास्पिटल में भर्ती करवाने की प्रक्रिया चल रही है।
मेकॉज के अधीक्षक डॉ. केएल आजाद ने बताया कि अभी हम मरीजों को ट्रेस कर रहे और उन्हें हॉस्पिटल तक पहुंचाने की व्यवस्था में लगे हुए हैं। इधर सभी के पॉजिटिव आने के बाद अब पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है और सभी लोगों से ट्रेवल और कांटेक्ट हिस्ट्री मांगी जा रही है। अभी देर शाम तक मिली रिपोर्ट के अनुसार 48 में 27 लोग तो आरटीपीसीआर जांच में ही पॉजिटिव निकले थे बाकि पॉजिटिव एंटीजेन से जांच में मिले हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या में और इजाफा होगा। इधर कोरोना को रोकने के लिए अब प्रशासन को भी नये सिरे से प्लानिंग करनी होगी।
बोधघाट थाने में मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार किया था एंटीजन में निकला पॉजिटिव: इधर बोधघाट थाने में मारपीट के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। इस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब उसका एंटीजन कोरोना टेस्ट करवाया गया तो वह पॉजिटिव निकला। थाने से ही उस हास्पिटल भेजा रहा है। इस आरोपी के सीधे संपर्क में आने वाले दो जवानों को क्वारेंटाइन किया है।
नर्स को ड्रिप चढ़ाने बुलाया परिवार के 13 पॉजिटिव
इधर शहर के मेन रोड में रहने वाले कपड़ा कारोबारी के परिवार का एक सदस्य कुछ दिनों पहले बीमार हुआ था। इसके बाद एक नर्स को ड्रिप चढ़ाने के लिए घर पर बुलाया गया था। जो नर्स ड्रिप चढ़ाने आई थी वह कोरोना पॉजिटिव निकल गई। परिवार के सदस्यों ने जब कोरोना जांच करवाई तो पहले एक व्यक्ति पाॅजिटिव निकला। इसके बाद मंगलवार को परिवार के 13 सदस्य पॉजिटिव निकल गये।
6 जिलों से 90 केस: इनमें सबसे ज्यादा बस्तर जिले से
इधर मंगलवार को संभाग के छह जिलों से कुल 90 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आये हैं। इनमें सबसे ज्यादा मरीज बस्तर जिले से मिले हैं यहां 48 नये मरीज मिले हैं जबकि नारायणपुर में 12, सुकमा में 16, बीजापुर में 10, दंतेवाड़ा में 2 और कोंडागांव में 2 मरीज मिले हैं। अभी तक छह जिलों में एक साथ 90 पॉजिटिव मरीजों का मिलने का यह पहला मामला है।
मौत के बाद अनुकंपा और मुआवजे की मांग
कुछ दिनों पहले बस्तर ब्लाक के एक रोजगार सहायक की मौत कोरोना से हो गई थी। इसके बाद अब छत्तीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के जिला अध्यक्ष संतोष कश्यप ने कहा कि रोजगार सहायक सरकार की योजनाओं के क्रियान्यन के दौरान कोरोना पॉजिटिव हुआ था लेकिन उसकी मौत के बाद उसे दो गज जमीन भी नसीब नहीं हो रही थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Q5aoXM
via IFTTT
No comments