कोरोना के कारण ससुराल में ही तीजा मनाएंगी महिलाएं
तीजा पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। तीजा पर्व से एक दिन पहले महिलाओं ने करू भात खाने की रस्म की। इस दिन तीजा पर व्रत रखने वाली महिलाएं चावल व करेले की सब्जी ही खाती हैं। इसके चलते बाजार में भारी मांग होने से सामान्य दिनों में 40 रूपए किलो बिकने वाला करेला 80 रूपए किलो तक बिका। कोरोना संक्रमण के कारण महिलाएं इस बार अपने मायके नहीं जाकर ससुराल में ही तीजा पर्व मना रही हैं। पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं 21 अगस्त को तीजा पर निर्जला व्रत रखकर पूजा करेेंगी।
इस साल कोरोना संक्रमण के चलते यात्री बसें नहीं चल रही हैं। अधिकतर महिलाएं तीजा पर्व अपने मायके में ही मनाती हैं। इस बार कोरोना के खतरे तथा यात्री बसों के नहीं चलने से महिलाएं अपने मायके नहीं जा पा रही हैं तथा ससुराल में ही तीजा मनाएंगी। ग्राम माकड़ी की उमेश्वरी साहू , लट्टीपारा की ललिता सेन, ज्योति सेन, प्रीति सेन ने कहा कि वे हर साल मायके जातीं थीं लेकिन इस बार कोरोना की वजह से ससुराल में ही रहने का निर्णय लिया है। ग्राम ठेलकाबोड़ के सुरेश गोस्वामी ने कहा कि हर साल उनकी पत्नी तीज पर्व मनाने मायके जातीं थी लेकिन इस बार कोरोना के कारण ससुराल में रहेंगी।
तीजा के कारण बाजार में रही रौनक: गुरुवार को दिन भर बारिश होने के बावजूद बाजार में पकड़ा, श्रृंगार सामान तथा पूजन सामग्री की अच्छी खरीददारी हुई। बाजार में चहल पहल रही। महिलाएं सावधानी रखते मास्क पहनकर खरीदी करने पहुंची। दुकानों में ग्राहकों के प्रवेश कराने से पहले हाथों को सैनिटाइज कराया गया। सुमीत बाजार के मैनेजर वीरचंद पारख ने कहा कि पर्व के कारण दुकान में बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदी करने पहुंच रही हैं। दुकान में पहुंचने वाली सभी महिलाओं तथा ग्राहकों को मास्क अनिवार्य रूप से पहनने कहा जा रहा है। कपड़ा व्यवसायी गोविंद यादव, मनीष जैन, तिलक देवांगन ने कहा कि तीजा के चलते दुकानों में सुबह से ही खरीदारी करने महिलाएं पहुंच रही हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/328BYJq
via IFTTT
No comments