बस्तर समेत कई जगह भारी बारिश आज भी अच्छी बरसात के संकेत
भादो की पहली झड़ी से प्रदेश का बड़ा हिस्सा, खासकर बस्तर पूरी तरह तरबतर हो गया है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बस्तर समेत सभी संभागों में कहीं-कहीं दिनभर में 10 सेमी पानी बरस गया है। बाकी क्षेत्रों में मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने मानसून को सक्रिय घोषित करते हुए बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश के आसार जताए हैं। राजधानी में सोमवार की तरह कल भी दोपहर के बाद बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे से अच्छी बारिश हो रही है। सोमवार की सुबह से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भैरमगढ़ में सर्वाधिक 120 मिमी बारिश हुई।
पखांजूर में 80 और बीजापुर तथा उसूर में 60, नारायणपुर, भोपलपट्टनम, कवर्धा, सहसपुर लोहारा व ओरछा में 40 मिमी बारिश हुई। अधिकांश स्थानों पर पिछले 24 घंटे में हल्की या मध्यम वर्षा हो चुकी है। जगदलपुर, दुर्ग, राजनांदगांव में छह से आठ तथा अंबिकापुर में तीन तथा राजधानी रायपुर में करीब 10 मिमी से ज्यादा पानी बरसा है।
राज्य में 685 मिमी पानी
मानसून में अब तक राज्य में अच्छी बारिश हो चुकी है। जून से 11 अगस्त तक राज्य में औसत 684.9 मिमी पानी बरस चुका है। यह औसत से तीन फीसदी कम है। यानी अब तक 709.5 मिमी बारिश होनी चाहिए। सरगुजा, मुंगेली, कांकेर और जांजगीर में औसत से 25 से 37 फीसदी तक कम बारिश हुई है। सूरजपुर और कोंडागांव में औसत से करीब 30 फीसदी तक ज्यादा पानी बरसा है। बाकी जिलों में सामान्य बारिश हुई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगस्त में अच्छी बारिश हुई तो राज्य में बारिश औसत से ज्यादा हो सकती है।
दो सिस्टम से होगी वर्षा
मौसम विज्ञानियों के अनुसार एचपी चंद्रा के अनुसार राजस्थान के बीकानेर, सीकर मध्यप्रदेश के ग्वालियर, सीधी, डेहरी, झारखंड के धनबाद, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी ऊंचाई पर मानसून द्रोणिका है। दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 1.5 से 2.1 किमी ऊंचाई पर एक और द्रोणिका है। इनकी वजह से 12 अगस्त यानी बुधवार को को प्रदेश के अधिकांश स्थान पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gRVznk
via IFTTT
No comments