सिंधिया के खिलाफ कमलनाथ ने मांगा सचिन पायलट का साथ, मध्यप्रदेश में 27 सीटों में से 9 गुर्जर बाहुल्य
मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस सचिन पायलट को स्टार प्रचारक के रूप में ज्योतिरादित्य के खिलाफ मैदान में उतार सकती है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पूर्व सीएम कमलनाथ ने उपचुनावों में प्रचार के लिए सचिन पायलट की मांग आलाकमान से की है। पायलट के नजदीकी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। मध्यप्रदेश में 27 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं।
कमलनाथ की सरकार गिराने के लिए ज्योतिरादित्य के समर्थन में जिन कांग्रेसी विधायकों ने इस्तीफे दिए थे अब उन्हीं सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें से 16 सीटें चंबल व ग्वालियर इलाके से हैं। इनमें से भी 9 सीटें गुर्जर जाति के बाहुल्य वाली हैं।
ऐसे में कमलनाथ चाहते हैं कि सचिन पायलट इस सीटों पर प्रचार के लिए उतरें। हालांकि पायलट को इस बारे में अब तक आलाकमान से औपचारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन कमलनाथ ने पायलट को अपने खेमें में लाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। राजस्थान विधानसभा के चुनावों के दौरान गुर्जर बाहुल्य सीटों पर पायलट का प्रभाव स्पष्ट नजर आया था।
कांग्रेस में सबसे ज्यादा गुर्जर प्रत्याशी विधायक का चुनाव जीते जबकि भाजपा का कोई भी गुर्जर प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत पाया। हालांकि सियासत के इतर पायलट और ज्योतिरादित्य के बीच काफी घनिष्ट संबंध हैं। ऐसे में विधानसभा उपचुनावों में पायलट और सिंधिया एक दूसरे के खिलाफ मैदान में कैसे उतरेंगे यह देखने वाली बात होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iNwI4P
via IFTTT
No comments