बच्चे को जन्म देने से पहले कोरोना पॉजिटिव गर्भवती की मौत, 2 और लोगों ने भी तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज के कोविड हॉस्पिटल में कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला की बच्चे को जन्म देने से पहले मौत हो गई है। इसके अलावा जिले के भानपुरी इलाके के पूर्व मंत्री के एक रिश्तेदार की मौत भी कोरोना से हो गई है। बस्तर जिले में कोरोना से यह 37वीं मौत है। जिले में पिछले एक पखवाड़े से हर रोज औसत एक व्यक्ति की मौत कोरोना से हो ही रही है और मौतों का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
भानपुरी के युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार रविवार को स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया। वहीं गर्भवती का शव भी परिजन को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। डाॅक्टरों ने बताया कि महिला ने बच्चे को जन्म देने के दौरान ही दम तोड़ दिया था। ऐसे में बच्चे की मौत भी गर्भ में हो गई है। मेकॉज में ऐसा पहला मामला है।
मेकॉज के डॉक्टरों ने बताया- देर रात बेहद गंभीर हालत में लाई गई थी महिला
मेकॉज के कोविड हॉस्पिटल में जज्जा-बच्चा की मौत के मामले में डाॅक्टरों का कहना है कि उनके पास महिला की जान बचाने के लिए ज्यादा वक्त नहीं था। डाॅक्टरों ने बताया कि गर्भवती महिला को गंभीर अवस्था में गीदम से जगदलपुर के लिए रेफर किया गया था। देर रात जब महिला मेकॉज आई तब यहां एंटीजेन किट से कोरोना चेक किया गया। महिला के पॉजिटिव होने के बाद उसे कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। डाॅक्टरों का कहना है कि महिला का बीपी बेहद बढ़ा हुआ था। रात में ही डाॅक्टर उसकी डिलीवरी के लिए जुट गए थे और डिलीवरी के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच ही महिला ने दम तोड़ दिया।
सुकमा से 5 तो कोंडागांव में सिर्फ 8 मरीज मिले
बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच रविवार को सुकमा और कोंडागांव जिले से राहत भरी खबर आई है। सुकमा जिले में तो सिर्फ पांच नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसी तरह कोंडागांव जिले में 8 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। बीजापुर में 54 तो बस्तर जिले में देर शाम तक 25 लोग संक्रमित होने की जानकारी मिली है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36cesyP
via IFTTT
No comments