96 घंटे में 27.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड, पारा 32 डिग्री पर पहुंचा
शुक्रवार को बालोद शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा। दिनभर तेज धूप के बीच नीले व काले बादल छाए रहे। लिहाजा लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। महज 5 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली बावजूद राहत नहीं मिल पाई। नमी की मात्रा 72 फीसदी रही। सितंबर के 4 दिन-रात यानी 96घंटे में जिलेभर में 27.1 मिमी औसत बारिश हुई है। जबकि रोजाना धूप के चलते पारा 30 डिग्री के पार है। 2 सितंबर को 0.2 मिमी, 3 को 17.4 मिमी, 4 को 9.5 मिमी बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में डौंडी ब्लॉक में सबसे ज्यादा 47.3 मिमी बारिश हुई। डौंडीलोहारा ब्लॉक मंे महज 0.2 मिमी बारिश हुई। जबकि बाकी तीन ब्लॉक बालोद, गुरूर व गुंडरदेही में सूखे की स्थिति रही यानी बारिश नहीं हुई। इसके पहले बुधवार से गुरुवार सुबह 8 बजे तक डौंडीलोहारा ब्लॉक में सबसे ज्यादा 39.2 मिमी बारिश हुई थी। वहीं गुंडरदेही में 29.1 मिमी, बालोद में 4.3 मिमी, गुरूर में 2.1 मिमी, डौंडी में 12.3 मिमी बारिश हुई थी।
इस सिस्टम से 48 घंटे में बारिश होने के आसार
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर ओडिसा से बिहार और उससे लगे उत्तर प्रदेश तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक चक्रीय चक्रवाती घेरा बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 3.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, जयपुर, वाराणसी, गया, ब्रह्मपुर और उसके बाद पूर्व की ओर बांग्लादेश दक्षिण असम होते हुए मणिपुर तक स्थित है। जिसके प्रभाव से 48 घंटे में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी।
जिले में ब्लॉकवार बारिश- मिमी में
ब्लॉक - बारिश
- गुंडरदेही - 925.8
- बालोद - 1050.8
- गुरूर - 1238.4
- डौंडीलोहारा - 683
- डौंडी - 906
- औसत - 960.8
(भू-अभिलेख शाखा, मौसम विभाग के अनुसार)
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32Ymkk7
via IFTTT
No comments