कोदाभाठ में गोठान नहीं बनाया, सड़क पर मवेशी
कोदाभाठ तथा बरदेभाठा आसपास बसे हैं। कोदाभाठ में अब तक गोठान नहीं बन पाया है। यहां गोठान नहीं होने से कोदाभाठ तथा बरदेभाठा के पशु पालक अपने मवेशियों को स्कूल चौक के पास छोड़ देते हैं। मवेशियों का यहां दिन भर जमावाड़ा रहने से आवागमन में परेशानी होती है। यहां गंदगी भी फैलती है जिससे यहां गुपचुप चाट तथा अन्य ठेले लगाने वालों को परेशानी होती है। ग्राम पंचायत कोदाभाठ तथा बरदेभाठा वार्ड के लोगों ने कोदाभाठ में गोठान बनाने की मांग की है जहां मवेशियों को सुरक्षित रखा जा सके।
शहर का बरदेभाठा वार्ड तथा ग्राम पंचायत कोदाभाठ आपस में जुड़े हुए हैं। सड़क के एक ओर बरदेभाठा वार्ड आता है तो सड़क के दूसरे ओर ग्राम पंचायत कोदाभाठ का क्षेत्र आता है। बरदेभाठा वार्ड के स्कूल चौक में दिन रात मवेशियों का जमावाड़ा लगा रहता है। बरदेभाठा चौक में आने वाले 75 प्रतिशत मवेशी कोदाभाठ पंचायत के पशुपालकों के हैं। कोदाभाठ तथा बरदेभाठा दोनों जगहों को मिलाकर लगभग 300 मवेशी हैं। दोनों स्थानों के लोगों की मांग है की कोदाभाठ में गोठान बनाया जाय जहां कोदाभाठ के अलावा बरदेभाठा के भी मवेशियों को रखा जा सके। गोठान नहीं होने से मवेशी ज्ञानी चौक से लेकर स्कूल चौक तक सड़कों पर नजर आते हैं। इसी मार्ग से होकर शहर का मिनी बाइपास गुजरता है। शहर के बीच से गुजरने वाली मेनरोड पर सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण बड़े वाहनों के अलावा प्राय: वाहन इसी मिनी बाईपास से होकर गुजरते हैं जिससे सड़क पर ट्रेफिक का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। सड़क पर मवेशियों के जमा होने से आवागमन तो प्रभावित होता ही है आए दिन हादसे होते रहते हैं।
गोठान बनाने की मांग
बरदेभाठा पार्षद जितेंद्र वैध ने कहा कि बरदेभाठा वार्ड में तो गोठान बनाने जगह नहीं है। वैसे भी शासन गांवों में ही गोठान बनाने को प्राथमिकता दे रही है। ग्राम पंचायत कोदाभाठ में गोठान बनाने मांग भी की गई है। उन्होंेने कहा कि गोठान बनेगा तो स्वसहायता समूह को मदद मिलेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iiAQd3
via IFTTT
No comments