फिर नई तारीख के बाद भी लोगों को उड़ान सेवा शुरू पर भरोसा नहीं, बोले- शुरू हो रही तो नियमित रहे
हवाई सेवा शुरू करने के लिए एलायंस एयर ने फिर नई तारीख की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही 21 तारीख से हवाई सेवा जगदलपुर से शुरू करने का दावा किया जा रहा है। इधर अब हवाई सेवा शुरू करने का लोगों में कोई उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है।
दरअसल कई बार तारीखों की घोषणा करने के बाद हवाई सेवा शुरू करने का दावा किया जाता रहा, लेकिन जगदलपुर से विमान उड़ान ही नहीं भर पाया। ऐसे में लोगों ने स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि अब तक कई बार दावे किए गए, लेकिन जब तक विमान की उड़ान शुरू नहीं होगी, उनके लिए इस बात का विश्वास करना मुश्किल है। हालांकि जिस तरह से एलायंस एयर ने 21 सितंबर से जगदलपुर से हवाई सेवा शुरू करने की बात कही है, इस पर जगदलपुर एयरपोर्ट के अफसरों ने भी हवाई सेवा शुरू करने तैयारियां पूरी होने की बात कही है।
हर बार तारीख पर तारीख, हर बार स्थगित होती रही उड़ान: शहर के लोगों ने तारीख पर तारीख मिलते चले जाने के चलते अब एलायंस एयर या प्रशासन द्वारा घोषित की जाने वाली तारीखों पर विश्वास करना छोड़ दिया है। लोगों की अब ऐसी मानसिकता बनती दिख रही है कि हर बार हवाई सेवा शुरू करने का दावा किया जाता है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती और तारीख आने से पहले ही सेवा स्थगित करने की घोषणा कर दी जाती थी। ऐसे में अब लोगों ने हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार तक करना छोड़ दिया है।
अगर शुरू हो रही हवाई सेवा तो इसे नियमित बनाकर रखना जरूरी, तभी मिलेगा लोगों को फायदा
बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष किशोर पारख ने बताया कि हालांकि व्यापारिक दृष्टि से हवाई सेवा शुरू होने का फायदा मिलेगा, लेकिन हर बार तारीखों की घोषणा कर इसे स्थगित करने के चलते अब हर वर्ग परेशान हो चुका है। ऐसे में उन्होंने कहा है कि अगर हवाई सेवा शुरू होती है तो इसे नियमित बनाकर रखना जरूरी होगा। इसके साथ ही सरकार हवाई सेवा को अपनी निगरानी में रखे, जिससे लोगों को बेहतर सेवा का फायदा मिल सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/328I2CJ
via IFTTT
No comments