34 नए मरीजों में सबसे ज्यादा 12 कांकेर के, झुनियापारा हाॅटस्पाॅट
जिले में कोरोना तेजी से बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जिले में कोरोना के 34 नए मामले पाए गए जिनमें 6 महिलाएं हैं। जिले में अब तक 877 कोरोना पाॅजिटिव पाए जा चुके हैं व जिस गति से कोरोना जिले में बढ़ रहा है उससे अगले एक सप्ताह में आंकड़ा एक हजार को पार कर जाएगा। मंगलवार को जिले में मिले नए मामलों में चारामा व नरहरपुर में एक एक व्यापारी की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। इसके अलावा भानुप्रतापपुर में वन विभाग के तीन ट्रक चालकों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। नरहरपुर थाने का एक स्टाफ भी पाॅजिटिव पाया है।
कांकेर शहर व आसपास के गांवों में मिले 12 पाॅजिटिव में सर्वाधिक 3 शहर के झुनियापारा के हैं। कांकेर शहर में झुनियापारा कोरोना का नया हाॅटस्पाॅट बना हुआ है, पाॅजिटिव पाए जा रहे हैं। यहां के रहने वाले हाटकोंगेरा स्कूल में शिक्षक के अलावा उनकी पत्नी की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। कांकेर के संजयनगर निवासी सेना का एक जवान भी छुट्टी में घर लौटा था जो अपने दो अन्य साथियों के साथ नरहरपुर क्वारिन्टाइन सेंटर में था, जहां रिपोर्ट पाॅजिटिव पाई गई।
चारामा में एक व्यापारी फिर पाॅजिटिव मिला
चारामा के व्यापारी अब लगातार संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। सोमवार को एक किराना व्यापारी के बाद मंगलवार को एक सदर बाजार स्थित एक फैंसी स्टोर का संचालक पाॅजिटिव पाया गया है।
नरहरपुर में पुलिस कर्मी भी पाॅजिटिव मिला
नरहरपुर में मंगलवार को एक कृषि सेवा केंद्र का संचालक पाॅजिटिव पाया गया। उसकी पत्नी की भी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। इसके अलावा नरहरपुर थाने का एक जवान जो पिछले काफी दिनों से रायपुर में था पाॅजिटिव पाया गया है। नरहरपुर आने पर उसने अपनी जांच कराई थी जिसमें उसकी रिपोर्ट पाॅजिटिव पाई गई।
भानुप्रतापपुर में 3 ट्रक चालक पाॅजिटिव मिले
भानुप्रतापपुर में मंगलवार को 7 पाॅजिटिव मिले जिसमें से तीन वनविभाग के ट्रक चालक हैं। एक भानुप्रतापपुर तो दो अन्य कराठी तथा संबलपुर में रहते हंै। मुल्ला कैप में भी 4 जवान पाॅजिटिव मिले।
मंगलवार को कहां मिले कितने कोरोना पाॅजिटिव
- कांकेर शहर - 8 आरईएस कालोनी-1, श्यामानगर-1, झुनियापारा-3, जनकपुर-1, सुभाषपार्ड-1, संजय नगर -1
- कांकेर ग्रामीण - 4 ठेल्काबोड़-1, गोविंदपुर-1, पीढ़ापाल-1, खपरापारा-1
- भानुप्रतापपुर शहर - 1 दल्लीरोड -1
- भानुप्रतापपुर ग्रामीण- 6 मुल्ला बीएसएफ कैप-4, कराठी-1, संबलपुर-1
- अंतागढ़ शहर - 3 फारेस्ट कालोनी-2, ऊपरपारा-1
- अंतागढ़ ग्रामीण - 1 हिमोड़ा-1
- चारामा शहर - 1 सदर बाजार - 1
- चारामा ग्रामीण - 1 लखनपुरी-1
- नरहरपुर शहर - 3 क्वारिन्टाइन सेंटर - 3
- नरहरपुर ग्रामीण - 6 बागोड़-1, कुरना-1, किशनपुरी-1, ढेकुना-1, कापसकोटी-1, देवरीबालाजी-1
अंतागढ़ में वनविभाग के दो भृत्य पाॅजिटिव
अंतागढ़ में आए 4 नए मामलों में दो वनविभाग के भृत्य हैं जो अंतागढ़ में ही फारेस्ट काॅलोनी में रहते हैं। इसके अलावा हिमोड़ा की एक मजदूर तथा ऊपरपारा में भी एक पाॅजिटिव पाया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FioHGp
via IFTTT
No comments