ग्रामीणों को थमाए 45 हजार रु. तक के बिल
ग्राम पंचायत सरडीह के आश्रित बस्ती बुधगांव से आए ग्रामीणों ने कलेक्टर महादेव कावरे से बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायत की है। ग्रामीण अशोक मिंज और रवि शंकर ने बताया कि तकरीबन दो साल पहले उनके गांव में बिजली पहुंची थी। अंधेरे से छुटकारा मिलने की उम्मीद में ग्रामीणों में उत्साह व्याप्त था। लेकिन भारी बिजली बिल ने उन्हें परेशानी में डाल दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग ने कुछ दिनों बाद बस्ती के सभी घरों में मीटर भी लगा दिया। सब कुछ ठीक चल रहा था। अगस्त 2020 तक बस्ती के सभी घरों में 200 से 300 रुपए तक बिजली बिल आ रहा था। सभी उपभोक्ता समय से इस बिल का भुगतान भी कर रहे थे। लेकिन सितंबर माह में जैसे ही उनके हाथों में बिजली बिल आया, सबके होश उड़ गए। सुबोध मिंज और पवन तिर्की ने बताया कि इस महीने इस बस्ती में 5 हजार से लेकर 45 हजार रुपए का बिल विभाग ने थमाया है। इस भारी भरकम बिजली बिल से राहत मिलने की उम्मीद लिए ग्रामीण बिजली विभाग के कर्मचारियों से फरियाद लगाते लगाते थक चुके हैं। रोशन एक्का ने बताया कि विभाग के स्थानीय लाइन मैन ने बिल को सुधरवाने का आश्वासन देते हुए आवेदन मांगा। लेकिन महीने गुजर जाने के बाद भी बिल सुधर नहीं पाया है।
इस बीच बिजली विभाग के कर्मचारी बिल का भुगतान ना होने पर लाइन कटने की चेतावनी देने लगे हैं। इससे पूरे बस्ती में एक बार फिर अंधेरे में डूब जाने का खतरा मंडराने लगा है। कलेक्टर से ग्रामीणों ने बिल में सुधार होने पर तत्काल बिल का भुगतान करने का भरोसा दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/385djdj
via IFTTT
No comments