पांच में से 4 विधानसभा सियासत को प्रभावित करने वाला तीसरे चरण का मतदान आज होगा
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के आम चुनाव 2020 का तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को होगा। इसमें जिले की बड़ीसादड़ी, डूंगला और भदेसर पंचायत समितियों के करीब 2.46 लाख ग्रामीण मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सबसे खास बात यह कि यह चरण जिले की 5 में से 4 विधानसभाओं की राजनीति को प्रभावित करने वाला है।
सोमवार को मतदान अधिकारी अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त कर जिला मुख्यालय से निर्धारित केन्द्रों के लिए रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी केके शर्मा ने कहा कि ये चुनाव कोरोना महामारी जैसी विशेष परिस्थिति में हो रहे हैं। निष्पक्ष और स्तंत्रत मतदान के साथ हर स्तर पर कोविड-19 गाइडलाइन की पालना के प्रति भी पूर्ण सजग रहे। केन्द्रों की 200 मीटर की परिधि में पोस्टर व बेनर्स नहीं लगे। एसपी दीपक भार्गव ने कहा कि कार्मिक निष्पक्षता के साथ चुनाव सम्पादित कराएं। कानून व्यवस्था की किसी भी स्थिति में अधिकरियों से तुरंत सम्पर्क करें। पुलिसकर्मी मतदाताओं को कतारबद्ध कराते हुए कोविड गाइडलाइन के लिए गोले बनवाएं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश कलाल एवं एएसपी सरिता सिंह ने मतदान दलों को आत्म विश्वास एवं निडर होकर चुनाव संपादित कराने के निर्देश दिए। डीएलएमटी डाॅ. कनक जैन एवं ओम प्रकाश पालीवाल ने प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया। इस चरण में तीनों पंस के कुल 45 और जिला परिषद के 7 सदस्यों के लिए मतदान होना है। हालांकि जिप के एक वार्ड की इस चरण में सिर्फ तीन पंचायतें हैं। उसकी शेष पंचायतें निम्बाहेड़ा पंस में है। जहां मतदान चौथे चरण में होगा। भदेसर पंस जिले की तीन विस चित्तौड़गढ़, कपासन व बड़ीसादड़ी में विभक्त है।
चित्तौड़गढ़: भदेसर पंस की 6 ग्राम पंचायतें जिप वार्ड नंबर 14 और विस के लिहाज से चित्तौड़गढ़ में आती है। इसलिए जिप व पंस उम्मीदवार की हार-जीत विसस्तरीय नेताओं के लिए अहम है।
कपासन: भदेसर पंस की 12 ग्राम पंचायतें कपासन विस में है। जिनमें से 10 पंचायतों वाले जिप वार्ड नंबर 9 में कल मतदान होना है। इस विस की दो ग्राम पंचायतें जिप वार्ड 14 में भी है।
बड़ीसादड़ी: भदेसर पंस क्षेत्र में स्थित जिला परिषद वार्ड नंबर 14 विस की दृष्टि से चित्तौड़गढ़, बड़ीसादड़ी और कपासन में विभक्त है। इसकी तीन पंचायतें बड़ीसादड़ी विस में है।
निम्बाहेड़ा: भदेसर पंस की तीन ग्राम पंचायतें खोडीप, नन्नाणा और गरदाना विस बड़ीसादड़ी में और जिप वार्ड नंबर 18 में आती है। जिप के इस वार्ड की शेष 9 ग्राम पंचायतें निम्बाहेड़ा पंस में है। जिनमें मतदान चौथे चरण में होगा।
फैक्ट फाइल: तीसरा चरण
246439 : मतदाता कुल
124611 : पुरुष मतदाता
121827: महिला मतदाता
346 : कुल मतदान केंद्र
90158 : मतदाता भदेसर में
79299 : मतदाता डूंगला में
76982 : मतदाता बड़ीसादड़ी में
45: पंचायत समिति सदस्य पद
06: जिला परिषद वार्ड पूरे
01 जिप वार्ड की 3 ग्राम पंचायतें
रिश्तेदारों के कारण भी नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
मंत्री उदयलाल आंजना: सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के भाई मनोहरलाल जिप वार्ड 18 से कांग्रेस प्रत्याशी है। इस वार्ड की 3 पंचायतों में अभी मतदान है।
विधायक चंद्रभानसिंह आक्या: इनके विस क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायत क्षेत्रों में मतदान है। इसके अलावा आक्या की पत्नी सुशीला कंवर खुद भदेसर पंस सदस्य उम्मीदवार है।
पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी: कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी के विस क्षेत्र की दोनों पस बड़ीसादड़ी व डूंगला में इसी चरण में मतदान है। चौधरी के पुत्र राजा भी पंस चुनाव लड़ रहे।
विधायक ओस्तवाल और जिलाध्यक्ष दक: भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक और विधायक ललित ओस्तवाल के गृह क्षेत्र में मतदान है। हालांकि इनके कोई रिश्तेदार मैदान में नहीं है।
विधायक अर्जुनलाल जीनगर: इस चरण में शामिल 12 पंचायतें कपासन भाजपा विधायक अर्जुनलाल जीनगर के विस क्षेत्र में है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JxP0dv
via IFTTT
No comments