मानसून के लौटने के बाद उत्तरी हवाओं से शहर में बढ़ने लगी ठंड
दक्षिण-पश्चिम मानसून लौटने के बाद अब राजधानी में रात का तापमान गिरने लगा है। पारा गिरने से ठंड भी महसूस हो रही है। शहर में घनी बसाहट की तुलना में आउटर में ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले सप्ताहभर में रात के तापमान में गिरावट आएगी। हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी से घटकर उत्तर-पूर्वी हो रही है। इस ओर से शुष्क हवा बढ़ने लगी है। शुष्क हवा से दिन के तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन रात का पारा गिरेगा। रविवार को रायपुर में दिन का तापमान 33.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। रात का पारा 19.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नवंबर की शुरुआत में ही रात का तापमान सामान्य के करीब है। इससे उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में ठंड में तेजी से वृद्धि होगी। लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार नवंबर में रायपुर रात का तापमान सामान्य तौर पर 13 से 17 डिग्री के बीच पहुंच जाता है।
पिछले एक दशक में न्यूनतम तापमान सबसे कम 13.3 डिग्री 2012 में 18 नवंबर को दर्ज किया गया था। रायपुर में न्यूनतम तापमान का आलटाइम रिकार्ड 8.3 डिग्री का है। यह 22 नवंबर 1883 को रिकार्ड किया गया था।
प्रदेश में भी न्यूनतम तापमान कम
राजधानी ही नहीं राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान तेजी से गिरने लगा है। पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। बिलासपुर में 18.2, पेंड्रारोड में 15.6, अंबिकापुर में 14.5, जगदलपुर में 17.5, दुर्ग में 16.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। सभी जगह पारा सामान्य से एक-दो डिग्री कम है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mJJaUR
via IFTTT
No comments