60 लाख सालाना सैलरी फिर भी नहीं मिल रहे न्यूरो सर्जन
बस्तर में काम करने वाले डाॅक्टरों को राज्य सरकार 60 हजार से 3 लाख महीने तक की सैलरी दे रही है। इतनी सैलरी के बाद भी कई ऐसे गांव हैं जहां डाॅक्टरों की तैनाती नहीं हो पाई है। इस बीच अब मेकॉज में ट्रामा सेंटर की शुरुआत होनी है ऐसे में यहां डाॅक्टरों की तैनाती के लिए प्रशासन सालाना 60 लाख रुपए का पैकेज डॉक्टरों को देने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह पैकज बढ़कर 80 लाख सालाना तक भी पहुंच सकता है। इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी बस्तर में न्यूरो सर्जन के मिलने के आसार कम है।
इतना बड़ा पैकेज अभी यहां किसी भी जिले में किसी भी संस्था के डाॅक्टरों को नहीं मिल रहा है। यह रुपए डीएमएफटी फंड से दिए जाएंगे।दरअसल मेकॉज में ट्रामा सेंटर की शुरुआत होनी है। ट्रामा सेंटर के शुरू होते ही यहां एक न्यूरो सर्जन की जरूरत होगी जो आपात स्थिति में मरीजों के सर का ऑपरेशन करेगा। ट्रामा सेंटर में पहली जरूरत न्यूरो सर्जन है। ऐसे में अब न्यूरो सर्जन की खोज शुरू हो गई है। मेकॉज प्रबंधन से जुड़े अफसरों ने बताया कि अभी यदि कोई न्यूरो सर्जन यहां काम करने काे तैयार होता है उसे ज्यादा से ज्यादा तीन से 5 लाख रुपए प्रति महीने की सैलरी दी जा सकती है। हालांकि महीने की सैलरी का पूरा मामला निगोसियेबल है और रकम कम ज्यादा हो सकती है।
दरअसल एक न्यूरो सर्जन महानगरों में प्राइवेट प्रैक्टिस व अन्य माध्यमों से महीने के 10 से 15 लाख तक की कमाई करता है। ऐसे में माना जा रहा है कि यदि कोई आएगा तो ज्यादा पैकेज लेगा।
20 बिस्तर के ट्रामा सेंटर में खर्चे होंगे 7.5 करोड़
मेकॉज में बनने वाले ट्रामा सेंटर में करीब साढ़े 7 करोड़ रुपए का खर्च किया जाएगा। ट्रामा सेंटर में विशेषज्ञ डाॅक्टर के तौर पर एक न्यूरो सर्जन, 2 आर्थोपेडिक और एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होगी। ट्रामा सेंटर में 20 बिस्तर के साथ-साथ दो आधुनिक ओटी भी होगी। यहां सिर से लेकर पैर के नाखून तक के ऑपरेशन की सुविधा मौजूद रहेगी। न्यूरो सर्जन सर का तो अन्य डाॅक्टर शरीर के बाकी हिस्सों का इलाज करेंगे।
डाॅक्टरों की तैनाती के लिए कई स्तर पर प्लानिंग
मेकॉज के हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ केएल आजाद ने बताया कि ट्रामा सेंटर के संचालन के लिए कई स्तर पर प्लानिंग चल रही है यदि सीधे न्यूरो सर्जन मिल जाएंगे तो उन्हें हम तीन से 5 लाख रुपए महीने की सैलरी या न्यूरो सर्जन जिस सैलरी पर काम करने को तैयार हो, उसे नेगोसिएट कर सेटअप खड़ा कर लेंगे। इसके अलावा कुछ मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटलों को भी सेटअप रन करने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nF7Hva
via IFTTT
No comments