कोतबा में साफ पानी देने का काम 80% पूरा, मार्च से सप्लाई शुरू होने की संभावना
इस कर्मी में कोतबा क्षेत्रवासियों की पानी की किल्लत से मुक्ति मिल सकती है। कोतबा में नवीन जल आवर्धन योजना में पाइप लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में हैं। विभाग ने 80 प्रतिशत काम पूर्ण कर लिया है। मात्र तीन किलोमीटर पाइप लाइन का विस्तार नहीं होने से नगर पंचायत के लोगों को नवीन जल आवर्धन योजना से पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है।
जिले में गर्मी के शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ता है। महिलाओं को पानी के लिए एक-एक किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती थी। इसे देखते हुए शासन की ओर से लोगों को शुद्ध पेयजल की सप्लाई करने के लिए जल आवर्धन योजना में टंकी और इंटकवेल का निर्माण किया जा रहा है, ताकि लोगों को पानी की समस्या से जूझना ना पड़े। जिले में गर्मी शुरू होते ही हैंडपंप के कंठ सूखने लगते हैं, वहीं बाकी बचे हैंडपंपों से लाल पानी निकलना शुरू हो जाता है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ता है। हालांकि जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए सभी पंचायतों में नल योजना प्रारंभ की गई है।
801.37 लाख रुपए की लागत से हो रहा निर्माण
जिले के कोतबा क्षेत्र में भी गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। पीएचई विभाग ने कोतबा में भी जल आवर्धन योजना के लिए 2018 में प्रस्ताव बनाकर भेजा था, जिसे मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद कोतबा के लोगों को पानी देने के लिए खमगड़ा जलाशय में 104 लाख की लागत से जल शुद्धिकरण सयंत्र स्थापित करने के लिए संयत्र का निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। इसी तरह 54 लाख की लागत से इंटकवेल का निर्माण एवं 29 लाख रुपए की लागत 350 केएल टंकी का निर्माण किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार इंटकवेल में वर्तमान में पंप लगाने का कार्य बचा हुआ है, वहीं नल जल योजना में 470.49 लाख की लागत से कोतबा में पाइप लाइन का विस्तार का कार्य भी किया जा रहा है।
अब मात्र 3 किमी पाइप बिछाने का काम अटका
कोतबा के नवीन जल आवर्धन योजना का 80 प्रतिशत काम पूर्ण कर किया है। विभाग ने एक नई पानी टंकी का भी निर्माण कराया है। खमगड़ा जलाशय से इंटकवेल और जल शुद्धिकरण संयत्र तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन का विस्तार किया जा रहा है। यह काम अभी रूका हुआ है। इस कारण ही कोतबा के नवीन जल आवर्धन योजना से लोगों को अब तक पानी की सप्लाई नहीं मिल पाई। वार्डों में पाइप लाइन का विस्तार किया जा चुका है। खमगड़ा से लेकर फिल्टर प्लांट तक पाईप लाईन का विस्तार हो जाने के बाद यहां के लोगों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
15 वार्ड के 11 हजार लोगों को मिलेगा पानी
कोतबा नगर पंचायत के अध्यक्ष वीरेंद्र एक्का ने बताया कि वर्तमान में कोतबा नगर पंचायत के लोगों को बोर से पेयजल सप्लाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बोर का कनेक्शन भी पूरे नगर पंचायत में नहीं होने के कारण सभी वार्ड के लोगों को पानी की सप्लाई नहीं की जाती है। कुछ लोगों को बोर तो कुछ लोग हैंडपंप पानी भरते हैं। श्री एक्का ने बताया कि कोतबा के लोगों की परेशानी को देखते हुए कुछ स्थानों में सोलर पंप लगाए गए हैं, पर कोतबा में नवीन जल आवर्धन योजना के पूर्ण होने पर नपं के 15 वार्ड के 11 हजार से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा ।
काम पूराकर जल्द नगर पंचायत को सौंप देंगे
"कोतबा में नवीन जल आवर्धन योजना का निर्माण कार्य 80 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। मात्र तीन किलोमीटर तक पाइप लाइन का विस्तार करना बचा हुआ है। मार्च 2021 तक कार्य पूर्ण कर इस योजना को नगर पंचायत को हैंडओवर कर दिया जाएगा।''
-वीके उरमलिया, कार्यपालन अभियंता,पीएचई जशपुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37HJpv3
via IFTTT
No comments