युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री के काफिले को दिखाए काले झंडे
दो दिनी बस्तर दौरे पर आए केंद्रीय राज्य इस्पात मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को शनिवार को लौटने के दौरान नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण के मामले में विरोध झेलना पड़ा। युवा कांग्रेसियों ने न सिर्फ उन्हें काले झंडे दिखाए बल्कि उनके काफिले को रोकने की कोशिश भी की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने कांग्रेसियों को ऐसा करने से रोका। कांग्रेसी कार्यकर्ता मंत्री के काफिले को तो नहीं रुकवा पाए लेकिन उन्हें काले झंडे दिखाने में सफल रहे।
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते दो दिनी बस्तर दौरे पर आए हुए थे। वे दो दिनों से बैलाडिला में खदानों की स्थितियों को देखने के लिए किरंदुल और बचेली में गए थे। शनिवार की दोपहर वे जगदलपुर पहुंचे और फिर सर्किट हाउस चले गए। शाम 4 बजे जैसे ही वे एयरपोर्ट के लिए निकले तो युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सर्किट हाउस के बाहर नगरनार के निजीकरण और डिमर्जर के विरोध में नारेबाजी करने लगे और काले झंडे दिखाते हुए उनके काफिले को रोकने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोका
युवा कांग्रेसियों ने मंत्री के काफिले को रोकने की कोशिश की तो मौके पर मौजूद पुलिस वालों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, युकां कार्यकर्ता काफिले के सामने आने की कोशिश करते रहे पर वे सफल नहीं हो पाए। इधर अचानक हुए इस प्रदर्शन से मंत्री की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रहे गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nBbMAB
via IFTTT
No comments