मोबाइल की बिक्री 30% तक बढ़ी, गरीब परिवारों ने सरकार से मांगा फोन
कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल कालेज बंद हैं तथा वर्तमान में पढ़ाई ऑनलाइन क्लासेस के माध्यम से हो रही है। ऑनलाइन क्लासेस की वजह से बाजार में मोबाइल की मांग बढ़ गई है। व्यापारियों के अनुसार मोबाइल की बिक्री में 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। इधर गरीब परिवारों का कहना है महंगे मोबाइल खरीद पाना उनके लिए संभव नहीं है। सरकार को चाहिए कम से कम छात्रों को निशुल्क पुस्तकों का वितरण कर दे तो बच्चे घर में पढ़ते रहेंगे।
पिछले शिक्षा सत्र तक स्कूलों में 16 जून से स्कूलें शुरू हो जाती थीं लेकिन इस साल कोरोना संक्रमण के चलते अभी तक स्कूल कॉलेज खुल नहीं पाए हैं। निजी के अलावा सरकारी स्कूलों में भी ऑनलाइन क्लासेस लग रही हैं। मोबाइल व्यवसायी प्रशांत खटवानी, संजय रामानी ने कहा कि ऑनलाइन क्लासेस के कारण मोबाइल की मांग तेजी से बढ़ी है। औसत से 30 प्रतिशत मोबाइल अधिक बिक रहे हैं।
महंगा मोबाइल नहीं दिला सकते : गंगानगर के किशोर भिमटे ने कहा शिक्षक बच्चों को मोबाइल देने कह रहे हैं लेकिन सरकार ने अभी तक पुस्तकें नहीं दी है। बिना पुस्तकों के कैसे पढ़ाई होगी। मनकेशरी के सिद्घार्थ ने कहा उनकी बेटी अरूणा 10वीं कक्षा में है। गरीबी के कारण उसको मोबाइल नहीं दिला पा रहे हैं।
कहीं पर ऐसा भी हाल... मोबाइल एक है और बच्चे चार
सरकारी स्कूलों में भी ऑनलाइन क्लासेस शुरू हो गई है लेकिन कई पालक आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण अपने बच्चों के लिए मोबाइल नहीं खरीद पा रहे हैं। गरीब परिवारों ने कहा कि सरकार बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते उनको मोबाइल प्रदान करे। एमजी वार्ड के महेंद्र पटेल ने कहा मेरे पास एक मोबाइल है जिसे मैं स्वयं उपयोग करता हूं। दिन में जब बच्चों की ऑनलाइन क्लास चलती है तब मुझे काम पर जाना होता है। रात को बच्चों को मोबाइल देता हूं जिससे वे कुछ पढ़ते हैं लेकिन समस्या ये है कि मोबाइल एक है और बच्चे चार। सरकार को ही मोबाइल उपलब्ध कराना चाहिए। अनिता गनवीर ने कहा कि उनके दोनों बच्चे प्राइमरी में पढ़ते हैं। शिक्षक ऑनलाइन क्लासके लिए मोबाइल देने कह रहे हैं जिसे खरीद पाना मेरे लिए संभव नहीं है। रीतू चौरसिया ने कहा बच्चों के लिए महंगा मोबाइल नहीं खरीद सकती।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gcdRPS
via IFTTT
No comments