90 सदस्यों वाले महिला समूह ने बनाईं राखियां, बेचकर कमाए 45 हजार तक
रक्षा बंधन को देखते हुए जिले के महिला स्व-सहायता समूह द्वारा राखियां तैयार की जा रहीं हैं। जिले के अंतागढ़, दुर्गूकोंदल, दसपुर, धनेलीकन्हार, कोकपुर में महिलाएं राखियां बनाने में जुटी हैं। बिहान के अंतर्गत कार्यरत 13 महिला स्व.सहायता समूह की 90 महिलाओं द्वारा अब तक 21 हजार 500 नग राखियां बनाई गई है, जिसमें से 2180 नग राखी बेचकर 44 हजार 880 रुपए की आमदनी भी प्राप्त की जा चुकी है।
वर्तमान में कोरोना के संक्रमण के चलते बाहर से राखियों की आवक नहीं होने से स्थानीय बाजारों में स्व-सहायता समूह द्वारा बनाई गई राखियों की मांग बढ़ी है। महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए गई राखी आकर्षक, सुंदर व कम दर पर उपलब्ध होने से लोगों को लुभा रही है। जिला पंचायत के सीईओ डॉ. संजय कन्नौजे ने ग्राम दसपुर के कोयतूर महिला स्व.सहायता समूह व कोकानपुर में जय भवानी समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही राखियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जय भवानी महिला स्व.सहायता समूह की अध्यक्ष नीता से 250 रुपए की राखी खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित किया। दसपुर के कोयतूर महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सत्रो ठाकुर ने बताया कि उनके द्वारा निर्मित राखी को अपने गांव तथा ग्राम संगठन में बेचा रहा है। जिपं सीईओ ने बीपीएम कांकेर व डीपीएम को महिला समूह द्वारा तैयार की गई राखियों को बिहान गढ़िया बाजार में बेचने के लिए सहयोग करने कहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CSONPj
via IFTTT
No comments