खेत में हाथी ने वृद्ध को पटककर मारा, देखती रह गई पत्नी
दंतैल हाथी ने 75 वर्षीय वृद्ध को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना लुड़ेग के समीप पंडरीबहला मोहल्ले की है। पंडरीबहला निवासी साधु टोप्पो (75) पत्नी के साथ खेत के पास बने मकान में सो रहा था।
हाथी के आने की भनक लगी तो साधु टोप्पो ने घर की खिड़की से बाहर निकलकर मक्के की खेत की ओर जाने लगा, उसी बीच उसका सामना मक्के के खेत के पास खड़े दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने साधु टोप्पो को सूंड से उठाकर पटका और पैर से कुचल दिया, जिससे साधु टोप्पो की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पत्नी के आंखों के सामने हुई। साधु टोप्पो की पत्नी ने उसे घर से निकलने से पहले बाहर ना जाने की सलाह भी दी, पर साधु टोप्पो ने पत्नी की बात नहीं सुनी और घर से बाहर निकल गया । हाथी से सामना होने पर साधु टोप्पो ने अपने प्राण गंवा दिए। वनपरिक्षेत्राधिकारी अनिता साहू ने बताया कि घटना के तत्काल बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम वहां पहुंची और मृतक की पत्नी को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई। उसे 5 लाख 75 हजार रुपए चेक दिया जाएगा।
शराब की गंध हाथियों को ला रही गांव के अंदर
वनविभाग की ओर से ग्रामीणों को घर में कच्ची शराब ना बनाने की बार-बार हिदायत दी जाती है। बताया जाता है कि हाथियों को महुआ एवं चावल से बनने वाली कच्ची शराब की गंध रिहायशी इलाकों तक खींचकर लाती है। इसके कारण हाथी ग्रामीणों के घरो को उजाड़कर रखे चावल एवं कच्ची शराब को चट कर जाते है। इस कारण वनविभाग द्वारा ग्रामीणों को कच्ची शराब बनाने से परहेज करने की बातें समझाई जाती है, लेकिन आदिवासी बाहुल्य इलाका होने के कारण यहां घर-घर में कच्ची शराब बनाने का काम संचालित होता है। इसके कारण अनेक बार हाथी शराब की गंध पाकर ग्रामीणों के जान मान को नुकसान पहुंचाते है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OWYVc8
via IFTTT
No comments