माड़पाल में 2 दिन में 10 मवेशियों ने तोड़ा दम
नगरनार इलाके के माड़पाल में बीते दो दिनों से मवेशियों की अज्ञात बीमारी से मौत हो रही है। अब तक 10 मवेशी मर चुके हैं। पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सक यहां पहुंचे और मवेशियों की जांच की। 8 मवेशी अब भी गंभीर बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पशु चिकित्सकों ने मवेशियों को गलत टीके लगा दिए हैं, जिसके कारण मवेशियों की तबीयत बिगड़ती चली गई और अब तक 10 मवेशियों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि डॉक्टरों ने मवेशियों का इलाज शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक मौत के कारणों का पता ही नहीं लग पाया है।
पशु चिकित्सा विभाग ने लगाया कैंप: इलाके में बुधवार को 6 मवेशियों की मौत के बाद किसान परेशान हैं। इसके बाद बुधवार को ही देर रात 4 और मवेशी मर गए। वहीं 8 मवेशी गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे। जब मामले की जानकारी पशु चिकित्सा विभाग को मिली तो डॉक्टरों ने यहां पहुंचकर कैंप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पिछले दिनों किए गए टीकाकरण के बाद से ये स्थिति बनती चली जा रही है।
स्कीन डिसीज को रोकने लगाए थे टीके, लेकिन क्यों हो रही माैत, पता लगा रहे: पशु चिकित्सक डॉ. योगेश देवांगन ने बताया कि मवेशियों में इन दिनों स्कीन डिसीज फैल रही है। इसी बीमारी का टीका मवेशियों को लगाया जा रहा है। इस बीच माड़पाल के ग्रामीणों ने अपने मवेशियों की जांच करने की मांग की थी। बुधवार की सुबह डॉक्टरों ने स्वस्थ मवेशियों को टीके लगाए। बाद में उनकी हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बीमार को छोड़ स्वस्थ को लगा दी वैक्सीन: सुब्रतो
जगदलपुर जनपद के उपाध्यक्ष सुब्रतो विश्वास ने बताया कि डॉक्टरों ने बीमार मवेशियों की जगह स्वस्थ्य मवेशियों को टीके लगा दिए थे। यही कारण है कि टीके लगाने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गांव के करीब 12 और मवेशियों को भी वैक्सीन लगाई गई थी, जिसके बाद मवेशियों की हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके मालिकों को मुआवजा देने की मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DQalMZ
via IFTTT
No comments