कोरोना मरीज को कर दिया भर्ती, बफर वार्ड 24 घंटे में ही बंद
मेडिकल कॉलेज के नान-कोविड हॉस्पिटल में पॉजिटिव मरीजों के भर्ती होने और यहां कोरोना फैलने के बाद व्यवस्था को सुधारने के लिए मेकॉज प्रबंधन के अफसरों ने बफर वार्ड की शुरुआत की थी। इस वार्ड का उद्देश्य यह था कि हॉस्पिटल में पहुंचने वाले नान-कोविड सभी मरीजों काे यहां भर्ती किया जाए और उनकी कोरोना जांच करवाई जाए, लेकिन यह वार्ड शुरू होने के 24 घंटों के अंदर ही बंद हो गया। मेकॉज सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को यहां एक मरीज को लाया गया और उसका इलाज भी शुरू कर दिया गया। इसके बाद पता चला कि जिस मरीज को यहां भर्ती किया गया है वह कोरोना पॉजिटिव है। इसके बाद पूरे हॉस्पिटल में हड़कंप मच गया।
इस मामले में खास बात यह है कि बफर वार्ड में कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हो गया और वार्ड को बंद कर सैनिटाइज करवा दिया गया और फिर देर शाम तक इसे खोलने की तैयारी कर दी गई लेकिन इसकी जानकारी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ केएल आजाद को ही नहीं दी गई। उन्हें यह जानकारी देर शाम दी गई। डॉ. आजाद ने बताया कि वार्ड को सैनिटाइज करवा दिया गया है और इसे दोबारा से मरीजों के लिए खोल दिया गया है। इधर बफर वार्ड में पहले ही दिन एक मरीज की मौत हो गई है हालांकि मरीज गंभीर रूप से बीमार था। इसके अलावा बफर वार्ड से एक मरीज भी बिना इलाज के भाग गया।
मरीज आया तो बिना जांच सर्जरी वार्ड में किया भर्ती
इधर बफर वार्ड से एक मरीज को रात में रेफर किया गया था लेकिन परचनपाल के पास नाले में पानी भरा होने से मरीज को वापस मेकॉज लाया गया। यहां आने के बाद मरीज को फिर कोरोना जांच के लिए बफर वार्ड में भर्ती करना था लेकिन बिना जांच के ही उसे सर्जरी वार्ड में भर्ती कर दिया जबकि अफसरों ने बफर वार्ड का निर्माण ही इसलिए करवाया है क्योंकि यहां पहले हर बीमारी का इलाज करवाने वाला मरीज भर्ती हो उसका कोरोना टेस्ट हो और उसे आगे का इलाज दिया जा सके।
सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती था मरीज, पहले बताया निगेटिव तो बफर वार्ड में ले गए फिर बताया पॉजिटिव
मेकाज सूत्रों की मानें तो जगदलपुर शहर के एक व्यक्ति को दो दिनों से कोरोना सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती किया गया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह कोविड हॉस्पिटल के डाॅक्टरों को बताया कि सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है चूंकि मरीज को दीगर कई परेशानियां थी ऐसे में उसे मेकॉज के बफर वार्ड में शिफ्ट कर दिया। इसके कुछ देर बाद खबर आई कि जो रिपोर्ट पहले भेजी गई थी वह गलत है और मरीज कोरोना पॉजिटिव है। मरीज को बफर वार्ड से वापस कोरोना हॉस्पिटल में शिप्ट किया गया। रिपोर्ट वाली गलती कहां हुई है इसकी जांच की बात कही जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YpE5Y3
via IFTTT
No comments