कोरोना से दूसरी मौत, बोदाछापर के युवक की गई जान, इधर नर्स, सैलून संचालक सहित 4 नए मरीज
जिले में अब तक जिले से 72 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। एक युवक की मौत हो गई। यह जिले में कोरोना से दूसरी मौत है। 2 दिन में 4 नए मीज मिले।15 अगस्त को कुरूद ब्लॉक के जीजामगांव की एक नर्स और मरौद का सैलून संचालक कोरोना संक्रमित मिला। नर्स रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में पदस्थ हैं, जबकि मरौद का सैलून संचालक गांव में ही था। इनके संपर्क में 13 लोग आए हैं। 16 अगस्त को ट्रू-नॉट मशीन से 15 सैंपल की जांच की गई।
जिसमें बालोद की 70 साल की बुजुर्ग महिला व कांकेर जिले का चारामा निवासी 30 साल का युवक पॉजिटिव मिला है। युवक बठेना में सर्दी-खांसी का इलाज कराकर घर लौटा था। बुजुर्ग महिला भर्ती थी। इन्हें रायपुर एम्स भेजा है। शनिवार को बोदाछापर निवासी 40 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अंतिम संस्कार बोदाछापर में ही डब्ल्यूएचओ की गाइडलाइन के मुताबिक किया।
चारामा के संक्रमित युवक को कांकेर व महिला को एम्स भेजा
सर्विलांस अधिकारी डॉ. विजय फूलमाली ने बताया ट्रू-नॉट मशीन से 15 सैंपल की जांच की गई। बठेना अस्पताल में भर्ती रहे 2 मरीज में संक्रमण मिला। चारामा निवासी 30 साल का युवक शुक्रवार को घर लौट गया था। 70 साल की बुजुर्ग महिला प्राइवेट वार्ड में भर्ती थी। दोनों पॉजिटिव मिलने के बाद महिला को एम्स भेजा। युवक की रिपोर्ट कांकेर सीएमएचओ को दी गई है।
जिले से अब तक 3 नर्स पॉजिटिव मिल चुकी
बीते 15 दिन में जिले की 3 नर्स कोरोना पॉजिटिव मिल चुकी हैं। यह सभी नर्स रायपुर रामकृष्ण केयर में पदस्थ है। यह सभी वहां आईसीयू में भर्ती एक मरीज के संपर्क में आई हुई थी। तीनों का इलाज रायपुर में ही चल रहा है। 3 बुजुर्ग महिला का भी रायपुर एम्स में इलाज चल रहा है। कोविड अस्पताल बठेना में 13 मरीज भर्ती है। एक्टिव मरीज की संख्या 19 है।
गांव में नियम के अनुसार किया गया मृतक का अंतिम संस्कार
सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे ने बताया कि कुरूद ब्लाॅक के बोदाछापर निवासी 40 साल के कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की मौत हो गई। युवक हर्निया के ऑपरेशन के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती था। तबीयत खराब होने पर मौत हुई है। गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार बोदाछापर में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया है। जिले से अब तक कोरोना से 2 की मौत हुई है।
संक्रमित सैलून संचालक के संपर्क में आए 13 युवक आइसोलेट
कुरूद बीएमओ डॉ. यूएस नवरत्न ने बताया कि 15 अगस्त को मिली संक्रमित मरीज रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर में पदस्थ नर्स है। दूसरा कुरूद ब्लाॅक के मरौद का सैलून संचालक पॉजिटिव मिला। संक्रमित सैलून संचालक भाई के साथ दांत का इलाज कराने रायपुर जाता था। जहां कोरोना टेस्ट कराया। रायपुर में ट्रू-नॉट टेस्ट में पाॅजिटिव मिला। युवक 15 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। उसे घर बुलाकर बठेना कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। नर्स रामकृष्ण अस्पताल से एम्स रेफर हो गई।
स्वास्थ्य संचालक ने किया अस्पताल का निरीक्षण
स्वास्थ्य संचालक डॉ. नीरज बंसोड़ रविवार को कांकेर जिले का दौरा कर रायपुर लौटते समय धमतरी में रुके। वे सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल निरीक्षण करने आए। यहां कोविड लैब में जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। अस्पताल के आसपास सफाई दुरुस्त करने अफसरों को चेताया। कोविड अस्पताल जल्द पूरा करने कहा। बठेना अस्पताल गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kUZ9Q2
via IFTTT
No comments