मिल्क कंपनी की डीलरशिप का झांसा देकर 6.50 लाख की ठगी
अमूल इंडिया कंपनी का सोशल मीडिया में फर्जी विज्ञापन पाेस्ट कर डीलरशिप देने का झांसा दिया गया। कई कारोबारियों ने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया। इसमें देवेंद्र नगर के एक कारोबारी से 6.50 लाख की ठगी हाे गई। पुलिस ने चारसौबीसी का केस दर्ज किया है। साइबर सेल की टीम जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि देवेंद्र नगर में कारोबारी महेश वखारिया का मकान है। लॉकडाउन के दौरान मई में उन्होंने सोशल मीडिया में अमूल कंपनी का विज्ञापन देखा। उसमें दिए नंबर पर संपर्क किया। ठग ने कारोबारी को पंजीयन के लिए 50 हजार रुपए खाते में जमा करने को कहा। ठग द्वारा दिए गए खाते में कारोबारी ने 50 हजार रुपए जमा कर दिया। उसके बाद सिक्योरिटी मनी के नाम पर 1 लाख खाते में जमा करा लिया। कुछ दिन बाद फिर कॉल आया कि 10 लाख का माल उनके बताए हुए पते पर भेज दिया गया है। उन्हें 50 प्रतिशत राशि दो किश्त में जमा करनी होगी। इस तरह कारोबारी ने कुल 6.50 लाख रुपए ठग को दे दिए।
उन्होंने ढाई-ढाई लाख रुपए दो किश्त में खाते में जमा कर दिए। उसके बाद से उनके पास माल नहीं पहुंचा। ठगों ने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया है। कारोबारी ने गुजरात एक के खाते में पैसा जमा किया है। पुलिस ने बैंक से ट्रांजेक्शन की जानकारी मांगी हैं। मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है।
रेस्टोरेंट के नाम से फर्जी विज्ञापन, फ्री थाली का ऑफर
एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के नाम से भी सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन जारी किया गया है। उसमें एक थाली का ऑर्डर देने पर 2 थाली फ्री में देने का ऑफर दिया गया है। इस मामले में शहर के स्पोर्ट्स टीचर से ठगी हो गई। रेस्टोरेंट के मालिकों ने भी विज्ञापन जारी करने से इंकार किया है। उन्होंने भी जांच के लिए पुलिस में शिकायत की है। साइबर सेल की टीम जांच में जुटी हुई।
बड़े-चर्चित संस्थानों के नाम से फर्जी विज्ञापन
रायपुर एसएसपी अजय यादव ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर जारी विज्ञापन या ऑफर को एक बार जांच कर लें। उसके बाद उसमें संपर्क करें। ऑनलाइन ठगी करने वाले देश के चर्चित संस्थानों के नाम से फर्जी विज्ञापन जारी कर रहे हैं, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ रहे हैं। होटल-रेस्टोरेंट के नाम से लुभावन ऑफर दे रहे हैं, तो बड़ी कंपनी की डीलरशिप से लेकर नौकरी का झांसा दिया जा रह है। उसमें कॉल करके लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34sBDUJ
via IFTTT
No comments