सोशल डिस्टेंस रख व मास्क पहनकर मंदिरों में की पूजा
बस्तर जिले में ज्यादातर लोगों ने मंगलवार को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया। कई लोग बुधवार को भी मनाएंगे। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति पर कोरोना और बारिश का असर दिखा। मंदिरों में भगवान कृष्ण का पूजन करने के लिए कम ही श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग रखकर और मास्क लगाकर पूजा-पाठ किया गया। मास्क लगाकर आने पर ही मंदिरों में लोगों को प्रवेश दिया गया।
कृष्ण मंदिर के पुजारी ने बताया कि इस साल जन्माष्टमी पर कम भक्त पहुंचे। सुबह भगवान का अभिषेक करने के बाद उनकी पूजा की गई। भगवान को भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को इलायची दाना और फल्ली दाना का प्रसाद दिया गया। मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि उम्मीद थी कि हर साल की तरह इस साल भी जन्माष्टमी का पर्व विधि विधान के साथ मनाया जाएगा, लेकिन कोरोना के चलते ऐसा नहीं हो सका।
यादव समाज के सभी कार्यक्रम रद्द, घर पर जलाए दीपक
कोरोना संक्रमण काल के बीच मनाए जाने वाले जन्माष्टमी पर्व को लेकर यादव समाज ने इस साल कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। सदस्यों ने लोगों से उनके घरों में दीपक जलाने की अपील की। लोगों ने भी समाज के पदाधिकारियों की अपील को माना और घरों में ही कृष्ण जन्मोत्सव मनाया। यादव समाज के अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि जन्माष्टमी पर्व मनाने के दौरान कई प्रकार के कार्यक्रम करने की योजना बनाई गई थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि 12 अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक कई कार्यक्रम होने थे। इसके अलावा अंतिम दिन मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम रखा गया था। इसे भी निरस्त किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aiPQUN
via IFTTT
No comments