स्कूल खोलने नहीं आई गाइडलाइन, ऑड-इवन पर हो रहा विचार
शिक्षा सत्र 2020-21 की शुरुआत हुए दो महीनों से ज्यादा समय बीत चुका है और अब भी स्कूलों को खोलने को लेकर कोई भी गाइडलाइन जारी नहीं की जा सकी है। इन हालातों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि स्कूल खुलेंगे या नहीं? दरअसल 15 अगस्त से स्कूलों को खोलने की बात पहले सीएम भूपेश बघेल ने करीब दो महीने पहले कही थी।
इसके बाद अब तक स्कूलों को दोबारा खाेलने कोई भी कोशिश होती नहीं दिख रही है। इधर बताया जाता है कि संभवत: अगले महीने से स्कूलों को खोलने पर पहल हो सकती है, जिसमें ऑड-इवन के आधार पर कक्षाएं लगाए जाने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि शिक्षा विभाग के अफसर अब भी सरकार की गाइडलाइन का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद इसे लेकर आगे की रूपरेखा तैयार करने की बात कही जा रही है।
नया शिक्षा सत्र शुरू हुए बीते ढाई महीने, कोरोना काल में बच्चों को स्कूल भेजने कतरा रहे पालक: नया शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद बीते ढाई महीनों से ज्यादा समय से स्कूलों में ताले नहीं खुल पाए हैं।
बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई करते हुए अपने कोर्स पूरे कर रहे हैं। इन हालातों में कई बार बच्चे घर पर पढ़ाई करते तो कई बार नहीं पढ़ते हैं। स्कूल का अनुशासन का पालन बच्चे घर पर नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दूसरी तरफ कोरोना काल के दौरान पालक बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतराते नजर आ रहे हैं। ऐसे में स्कूलों को खोलने को लेकर क्या गाइडलाइन होगी, सभी इसी का इंतजार
कर रहे हैं।
अब तक कोई गाइडलाइन नहीं मिली
डीईओ राजेंद्र झा ने बताया स्कूल खोलने की गाइडलाइन नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि स्कूलों को खोलने के लिए निर्देश मिलने के साथ ही बच्चों को कैसे बुलाया जाना है और उनके लिए क्या व्यवस्था स्कूलों में होनी है, इसे लेकर पूरी गाइडलाइन मिलेगी। इसी अनुसार व्यवस्थाएं चलाई जाएंगी।
बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया पूरी, इस महीने के आखिर तक संविदा शिक्षकों की भी हो जाएगी नियुक्ति
अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल में बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया तकरीबन पूरी हो चुकी है। सभी कक्षाओं में बच्चों का दाखिला करवाया जा चुका है। सहायक संचालक केके जोशी ने बताया कि जिन बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वे 2 दिनों के अंदर अपने सारे दस्तावेज संस्था में जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी अंतिम चरणों पर है। प्रतिनियुक्ति पर आए शिक्षकों को पदस्थापित कर दिया गया है, जबकि संविदा शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया में इन दिनों सत्यापन चल रहा है, जो इस महीने के आखिर तक पूरा कर लिया जाएगा और नियुक्ति भी कर दी जाएगी।
ऑड-इवन पद्धति पर बुलाए जा सकते हैं बच्चे
विभागीय सूत्रों के मुताबिक हालांकि अब तक स्कूलों को खोलने की गाइडलाइन नहीं आई है, लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सितंबर से स्कूलों को खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही ये भी किया जा सकता है कि ऑड-इवन पद्धति पर कक्षाओं को एक दिन की आड़ में लगाई जाए। इससे जहां स्कूलों में बच्चों की संख्या कम होगी, लेकिन कक्षाओं में बच्चे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कैसे करेंगे, इस पर कोई भी स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। अब सारा मामला सरकार द्वारा जारी की जाने वाली गाइडलाइन पर ही निर्भर है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kVGhQP
via IFTTT
No comments