शहीद राजेश पटेल की स्मृति में मोहन नगर में जल्द बनेगा गेट
क्षेत्र के शहीद सैनिक स्व. राजेश पटेल की 9 वी पुण्य तिथि पर शहीद स्मारक पहुंचकर कांग्रेस और भाजपा मंडल व लायनेस क्लब की महिला सदस्यों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व क्षेत्रवासियों ने शहीद राजेश पटेल की शहादत को याद करते हुए फूल मालाओं के साथ मोमबत्ती जलाकर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
शहादत दिवस के पर उपस्थित विधायक विनय जायसवाल ने शहीद राजेश पटेल की स्मृति में उनके निवास मोहन नगर हल्दीबाड़ी में आने वाले तीन महीने में 2 लाख रुपए की लागत से शहीद राजेश पटेल गेट बनाने की घोषणा कर एक नया रूप देने की बात कही है। वहीं पूर्व विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मेरे लिए यह बहुत ही गर्व की बात है कि चिरमिरी मेरे विधानसभा क्षेत्र का एक हिस्सा है। महापौर कंचन जायसवाल ने पूरे शहीद चौक को सौंदर्यीकरण करते हुए एक बड़े यादगार स्थल के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया है। विधायक डॉ. विनय जायसवाल, पूर्व विधायक श्याम बिहारी यादव, महापौर कंचन जायसवाल के साथ ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के अध्यक्ष सुभाष कश्यप निर्वाचित एमआईसी पार्षद और ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित भाजपा चिरमिरी मंडल के पदाधिकारियों ने शहीद राजेश पटेल की शहादत को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। चिरमिरी में शहीद राजेश पटेल की नवमी पुण्यतिथि पर शहीद स्मारक में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश तिवारी भी अपने दल-बल के साथ शहीद स्मारक चौक में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी शहीद राजेश पटेल को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। गौरतलब है कि शहीद राजेश पटेल का जन्म चिरमिरी के गेल्हापानी कालरी में 2 मई 1986 को हुआ था, जिन्होंने 12वीं तक की शिक्षा अपने नजदीकी शिशु शिक्षा निकेतन हाई स्कूल में की। वे देश द्रोहियों से लड़ते हुए 19 अगस्त 2011 को शहीद हो गए। शहीद पटेल छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर जिले के पतरापल्ली में सीआरपीएफ में आरक्षक के रूप में पदस्थ रहे जो सिर्फ 18 महीने की नौकरी करने के बाद शहीद हो गए। इस दौरान कांग्रेस भाजपा मंडल चिरमिरी पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित लायनेस क्लब की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kY6yxX
via IFTTT
No comments