15 वार्डों में घूमेंगी 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट, 10 हजार से ज्यादा परिवारों को मिलेगा मुफ्त इलाज
दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक की तर्ज पर मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अब जगदलपुर नगर निगम के 15 वार्डों की निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों को अब घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नगरीय प्रशासन विभाग के माध्यम से संचालित होने वाली इस योजना में शहर के 10 हजार से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। पहले चरण में संचालित होने वाली इस योजना में कोरोना की जांच से लेकर सामान्य बीमारियों का भी इलाज किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इसका उद्देश्य शहरी स्लम इलाके के लोगों को नियमित रूप से बेहतर इलाज और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराना है।
हैदराबाद की कंपनी को जिम्मेदारी: निगम ने जिम्मेदारी हैदराबाद की प्राइवेट कंपनी को दी है। एक पखवाड़े के बाद शुरू होने वाली इस योजना को लेकर कंपनी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ ही अन्य तरह की सुविधाएं इस वाहन में मुहैया कराएगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्लम इलाकों में एमबीबीएस डॉक्टर से निशुल्क चिकित्सकिय परामर्श के साथ ही निशुल्क पैथोलाजी जांच, मुफ्त दवाई, विशेष इलाज के लिए अस्पताल में रेफरल आधारित फ्री-एम्बुलेंस, फ्री रेडियोलॉजी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
3 लाख 90 हजार खर्च होगा एक यूनिट पर
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित होने वाली इस योजना में नगर निगम एक यूनिट पर 3 लाख 90 हजार रुपए खर्च करेगा। निगम आयुक्त प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि इस योजना के तहत नगर निगम को 8 मोबाइल मेडिकल यूनिट सरकार की ओर से मिली है। पहले चरण में 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट हैदराबाद में बनवाई जा रही है। योजना का संचालन कंपनी के द्वारा ही किया जाएगा। निगम केवल इसका भुगतान करेगा। यह सुविधा शहर की निचली बस्ती में रहने वाले हर गरीब परिवार को मिले, इसके लिए सर्वे सूची तैयार कर ली गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33cPttn
via IFTTT
No comments