आईटीआई की 176 सीट, आवेदन 3204, दाखिला लिया 76 ने
कोरोना संक्रमण का असर शैक्षणिक संस्थाओं में इस सत्र में दाखिले पर पड़ रहा है। माकड़ी बालक आईटीआई की 176 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन तो 3204 आए लेकिन दाखिला लेने पहुंचे मात्र 76 छात्र। यहां दो चरणों की दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है इसके बाद भी 100 सीटें खाली रह गई हैं। अब प्रतीक्षा सूची वालों को अवसर मिलेेगा। ग्राम माकड़ी बालक आईटीआई में 5 ट्रेड में कुल 176 सीटें हैं। दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए तो गत वर्ष से जरूर कम आवेदन आए लेकिन फिर भी यह संख्या कोरोना संक्रमण को देखते ठीक थी।
कोपा ट्रेड में सबसे ज्यादा आवेदन
आईटीआई में कोपा की 48 सीटों के लिए 1496 आवेदन आए। दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होते तक आईटीआई में इस ट्रेड की 31 सीटें भर गईं जबकि 17 सीटें अभी भी खाली पड़ीं हैं। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की 20 सीटों के लिए 815 आवेदन आए लेकिन दाखिला केवल 6 सीटों के लिए हो पाया। 14 सीटें खाली पड़ी है। फीटर ट्रेड की 20 सीटों के लिए 256 आवेदन आए तथा दाखिला केवल 7 सीटों के लिए हो पाया। इस ट्रेड की 7 सीटें खाली पड़ी है। डीजल मेकेनिक ट्रेड की 48 सीटों के लिए 325 आवेदन आए जिसमें से केवल 23 दाखिले हो पाए।
पहले चरण में ही हुए अधिकतर दाखिले
प्रथम चरण में 1 से 3 सितंबर तक दाखिले की प्रकिया में 56 छात्रों ने प्रवेश लिया। दूसरे चरण की दाखिले की प्रक्रिया 8 से 11 सितंबर तक हुई जिसमें मात्र 20 छात्रों ने ही दाखिला लिया। यानी जिनको दाखिला लेना था वे प्रथम चरण में ही पहुंच गए।
शिक्षा सत्र को लेकर असमंजस भी था
वाहन नहीं चलने से आवेदन करने के बावजूद अंदरूनी क्षेत्रों के छात्र दाखिला लेने नहीं पहुंच पाए। बड़ा कारण है कि इस साल शिक्षा सत्र कब से शुरू होगा इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है जिससे छात्र असमंजस में हैं।
प्रतीक्षा सूची वालों को देंगे मौका
अधीक्षक एसआर पोया ने कहा कि दो चरणो में दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 100 सीटें रिक्त रह गई हैं। छात्रों को मोबाइल में सूचना देकर बुलाया था लेकिन छात्र नहीं पहुंचे। अब प्रतीक्षा सूची वालों को मौका दिया जाएगा।
दो ट्रेडों में सीटें इस साल बढ़ीं: वेल्डर ट्रेड में गत वर्ष 20 सीटें थी जिसे इस वर्ष दोगुनी करते 40 कर दी गई है। डीजल मैकेनिक ट्रेड में भी सीटें दोगुनी की गई है। गत साल यहां इस ट्रेड की 24 सीटें थीं जिसे इस साल बढ़ाकर 48 कर दी गई है।
सीटें बढ़ने के बावजूद आवेदनों की संख्या घटी : इस साल बालक आईटीआई में 5 ट्रेड की 176 सीटों के लिए 3204 आवेदन आए जबकि गत वर्ष 131 सीटों के लिए 4918 आवेदन आए थे और 129 लोगों ने प्रवेश लिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZOpJkX
via IFTTT
No comments