टी-शर्ट पर बालोद के नेता का फोटो और कांकेर के नेता की धमकी देकर रेत खनन
जिले के दुर्गूकोंदल और भानुप्रतापपुर क्षेत्र में शुक्रवार को रेत तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते एक चेन माउंटेन और पांच हाईवा जब्त की गई। कार्रवाई करने टीम पहुंची तो देखा तस्करी से जुड़े सभी सदस्य एक जैसी टीशर्ट पहने हुए हैं व सभी टीशर्ट में पड़ोसी जिला बालोद के एक नेता जिसने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय लड़ा था उसकी फोटो छपी हुई है। कार्रवाई करने पहुंची टीम पर तस्करों ने बालोद के उक्त नेता के अलावा कांकेर जिले के एक बड़े कांग्रेस नेता का नाम लेकर धौंस जमाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस बार उनका रौब नहीं चल पाया और टीम ने कार्रवाई करके ही दम लिया।
दुर्गूकोंदल और भानुप्रतापपुर क्षेत्र में पिछले लंबे समय से डांगरा नदी, सटेली नदी, चिहरो नदी से रेत का अवैध उत्खनन हो रहा था। यहां से रेत निकाल पड़ोसी जिला राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग तक सप्लाई की जा रही थी। बारिश के पूर्व ही इस गिरोह ने जगह-जगह नदियों के आसपास रेत निकाल डंप कर रखी है।
रात के अंधेरे में हाईवा में लोड कर रवाना कर देते हैं। दिन में हाईवा और अन्य गाड़ियों को छुपाकर रखा जाता है। कार्रवाई करने कोई जनप्रतिनिधी या ग्रामीण पहुंचते तो बालोद के पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय लड़ने वाले नेता देवलाल ठाकुर और कांकेर जिले के कांग्रेस नेता पिछला लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ने वाले बीरेश ठाकुर का नाम लेकर धौंस जमाते थे। गिरोह के सभी सदस्य एक जैसी टीशर्ट पहने हुए होते थे जिसमेें बालोद के नेता देवलाल ठाकुर को फोटो होता है। इसे देख ग्रामीण तथा जनप्रतिनिधी पीछे हो जाते थे। लगातार शिकायतें बढ़ी तो शुक्रवार को राजस्व अमले की टीम ने कार्रवाई करते चेन माऊंटेन और हाईवा शुक्रवार को जब्त की।
फोन जरूर किया था लेकिन किसी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया
कांकेर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीरेश ठाकुर ने कहा बालोद के कुछ लोगों ने फोन करके जरूर भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल से रेत का कारोबार करने की जानकारी देते मदद मांगी थी। उनसे नियमों का पालन करते काम करने कहा गया था। किसी प्रकार के अवैध काम के लिए किसी को संरक्षण नहीं दिया गया है।
चुनाव में बांटी थी टीशर्ट: बालोद के नेता देवलाल ठाकुर ने कहा चुनाव के समय टीशर्ट छपवा कर कार्यकर्ताओं को बंटवाया था। मेरे फोटो वाली टीशर्ट का रेत तस्कर दुरूपयोग कर रहे होंगे। जानकारी नहीं है। रेत तस्करी से मेरा कोई सरोकार नहीं है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZzAnfb
via IFTTT
No comments