31 नए केस में दो भाजपा नेता
गुरूवार को जिले में फिर 31 नए कोरोना मरीज मिले। इसमें भाजपा के बड़े नेता भी शामिल हैं। सूचि में शामिल जिला कार्यालय मंत्री के एक दिन पूर्व कमल सदन में आयोजित बैठक में शामिल होने से हड़कंप मचा हुआ है। गुरूवार को एक बार फिर जिला अस्पताल का फॉर्मासिस्ट पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा बीएसएफ जवान, शिक्षक, बैंक स्टाफ, व्यापारियों के परिवार से पॉजिटिव पाए गए हैं। गुरूवार को मिले कुल मरीजों में कांकेर तहसील के 15, भानुप्रतापपुर के 4, नरहरपुर के 2, अंतागढ़ के 1 तथा पखांजूर, चारामा व दुर्गूकोंदल में तीन तीन पॉजिटिव पाए गए हैं।
गुरूवार को आई सूची में चारामा जैसाकर्रा निवासी व भानुप्रतापपुर सलिहापारा निवासी भाजपा नेता को पॉजिटिव पाया गया। भानुप्रतापपुर निवासी भाजपा नेता जिला कार्यालय मंत्री है जिसने 9 सितंबर को कांकेर कमल सदन में आयोजित बैठक में भाग लिया था। सर्दी की शिकायत होने पर 10 सितंबर को जांच कराई तो पॉजिटिव पाया गया।
जिला कार्यालय मंत्री के पॉजिटिव पाए जाने के बाद बैठक में शामिल अन्य भाजपा नेताओं में हड़कंप मच गया क्योंकि बैठक में जिले के बड़े नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इनके प्रायमरी कांटेक्ट में आए लोगों की जांच की जा रही है। कुछ के सेंपल भी लिए गए हैं। इधर जिला अस्पताल में दूसरे दिन फिर एक फॉर्मासिस्ट पॉजिटिव पाया गया। एक दिन पूर्व एक फॉर्मासिस्ट व स्वीपर पॉजिटिव मिले थे। जिला अस्पताल में अबतक तीन कर्मचारी पॉजिटिव मिल चुके हैं। शहर के मांझापारा में सरकारी कर्मचारी के परिवार में दो तथा संजय नगर में एक शिक्षक पॉजिटिव पाया गया। आमापारा का युवक मलेरिया होने पर जांच कराने पहुंचा था जिसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवक को होम आइसोलेशन में रखा गया है। गोविंदपुर के तीन दिन पूर्व पॉजिटिव पाए गए व्यापारी भाइयों के यहां एक बार फिर गुरूवार को दो महिलाओं को पॉजिटिव पाया गया।
बिना लक्षण वालों को कर रहे होम आइसोलेट
शहर में जो मरीज पाए गए हैं उनमें अधिकांश बिना लक्षण के हैं। ऐसे मरीजों को उनके घर में ही नियमों के तहत आइसोलेशन में रखा जा रहा है। उन्हें घर पर ही दवा मुहैया कराई जा रही है। जहां मरीज रखे गए हैं उनमें से कुछ लोगों के मकान को सील भी किया गया है। लक्षण वाले मरीजों को कांकेर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
गुरूवार को जिले में मिले पॉजिटिव मरीज
- कांकेर शहर-8 : (मांझापारा 2, आमापारा 1, संजय नगर 1, हाऊसिंगबोर्ड कोलोनी ठेलकाबोड़ 1, आरईएस कालोनी 1, टिकरापारा 1, अन्नपूर्णापारा 1)
- कांकेर ग्रामीण-7: (गोविंदपुर 2, पोटगांव 2, कोकपुर 1, बरदेभाटा 2)
- भानुप्रतापपुर शहर-3 : (सलिहापारा 1 , वार्ड नंबर 2 में 1,
- भानुप्रतापपुर 1)
- अंतागढ़ शहर-1 : (अंतागढ़ 1)
- चारामा ग्रामीण-3: (जैसाकर्रा 1, गांडागौरी 1, कुर्रभाट1, भाटापारा 1)
- दुर्गकेांदल ग्रामीण-3 : (कोड़ेकुर्से बीएसएफ कैंप 1, सराधु गमरे 1, हाहालद्दी कैंप 1)
- नहररपुर ग्रामीण-2 : (देवी नवागांव 1, चोरिया 1)
- पखांजूर ग्रामीण-3: (मुरावंडी 3)
पखांजूर में अस्पताल खुला स्टाफ भी आया बाहर
10 दिन से बंद वदना अस्पताल को गुरुवार को खोला गया। अस्पताल में ही क्वारेंटाइन किए स्टाफ को भी छोड़ा गया। 1 सितंबर को वंदना अस्पताल में भर्ती 3 मरीज पॉजिटिव थे। मरीजों की जांच कर उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया गया था। अस्पताल के एक डॅाक्टर समेत 30 स्टाफ को क्वारेंटाइन कर आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया था जिनकी रिपोर्ट आजतक नहीं आई। सभी का एनटीजन टेस्ट किया गया जिसमें निगेटिव आने पर छोड़ा गया।
जांच हुई तो तीन संक्रमित मिले
पखांजूर के गांव मुरावंडी का एक ग्रामीण बुखार की शिकायत लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। डाक्टरों ने एंटीजन किट से जांच की तो पॉजिटिव पाया गया। उसके परिवार के दो और को पॉजिटिव पाया गया।
चारामा में बैंककर्मी भी मिले पॉजिटिव
गुरूवार को चारामा स्टेट बैंक कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया जो निकट के गांव में रहता है। दुर्गुकोंदल के कोड़ेकुर्से बीएसएफ कैंप व हाहालद्दी कैंप में एक एक जवान पॉजिटिव पाए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Zq4uWe
via IFTTT
No comments