गुड़से का 403 बोरा चावल गायब होने के मामले में ट्रांसपोर्टर पर एफआईआर, और भी बढ़ेंगे आरोपी
गुड़से राशन दुकान का चावल गायब होने के मामले में ट्रांसपोर्टर मनोज मालवीय पर देर रात 2:55 बजे खाद्य अधिकारी जीआर ठाकुर ने दंतेवाड़ा कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई है। आरोपी मनोज पर आवश्यक वस्तु अधिनियम ईसी एक्ट की धारा 3,7, 420 और 406 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही।
इधर चावल गड़बड़ी के मामले में नया खुलासा हुआ है दंतेवाड़ा वेयर हाउस से गुड़से राशन दुकान के लिए 6 लॉट से चावल ट्रक में लोड करवाया गया था। वहीं दूसरी गाड़ी जो रात को एसडीएम द्वारा पकड़ी गई थी उसमें लदा चावल का लॉट नंबर 7098 है जो दंतेवाड़ा वेयर हाउस से भरा ही नहीं गया था।
जांच के बाद और भी आरोपी बढ़ेंगे: एसडीओपी
दंतेवाड़ा चावल गोदाम के प्राभारी रामेश्वर जायसवाल ने बताया कि गुड़से के लिए भेजे गए चावल का लाट नंबर और दोबारा रात को पकड़े गए ट्रक में लदे चावल का लाट नंबर अलग है। एसडीओपी दंतेवाड़ा चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि अभी चावल की गड़बड़ी के मामले में एक को आरोपी बनाया गया है इस मामले में जांच के बाद और भी आरोपी बढ़ेंगे, जारम में पकड़ी गई गाड़ी का भी पंचनामा किया गया है जिसे जल्द थाने लाया जाएगा।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपाइयों ने दी आंदोलन की चेतावनी
कलेक्टर के नाम एडीएम को भाजपाइयों ने ज्ञापन सौंपा है। जिसमें कहा है कि चावल तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए, अन्यथा भाजपा सड़क पर उतर आंदोलन को बाध्य होगी। भाजपाइयों ने कहा कि ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े सत्ता पक्ष के कांग्रेसी पार्षद व रिजवी राइस मिलर्स वरिष्ठ कांग्रेसी नेता का नाम उजागर हो रहा है। रिजवी राइस मिलर्स के खिलाफ पूर्व में भी चावल तस्करी व कालाबाजारी का मामला दर्ज हुआ था। गरीबों के राशन की हेराफेरी करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। भाजपाइयों ने मांग की है कि हेराफेरी मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की जाए। इस मौके पर ज़िलाध्यक्ष चैतराम अटामी, दुर्गा सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, नंदलाल मुड़ामी, नवीन विश्वकर्मा, ओजस्वी मंडावी, रामू नेताम, श्रवण कड़ती, मनीष सुराना, कुणाल ठाकुर सहित अन्य भाजपाई मौजूद थे।
कार्रवाई होगी: एसडीएम
लॉकडाउन के बाद से ही प्रशासन को सरकारी चावल की बड़े पैमाने पर हेराफेरी की शिकायतें मिल रही थी। सबसे ज्यादा शिकायतें कुआकोंडा व कटेकल्याण इलाके की थी। एसडीएम लिंगराज सिदार ने बताया कि दोनों ट्रांसपोर्टर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iRl5K9
via IFTTT
No comments