चोरी की 7 बाइक जब्त कर सरगना सहित 9 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जयनगर थानांतर्गत पुलिस ने अंबिकापुर और सूरजपुर जिले में बाइक चोरियों को अंजाम देने वाले चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सात बाइक जब्त की है। इसके साथ ही चोरी की बाइक खरीदने और उन्हें बेचने में सहयोग करने वाले 8 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि सरगुजा जिले के लुंड्रा थानांतर्गत बरगीडीह निवासी जावेद चोरी की बाइक बेचने सिलफिली बस स्टैंड आया है। इस पर एसपी ने जयनगर थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज को आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस टीम जब सिलफिली बस स्टैंड पहुंची तो बिना नंबर की बाइक से एक व्यक्ति अंबिकापुर की ओर भागने लगा।
उसका पीछा कर पुलिस ने अजबनगर के पास घेराबंदी कर बिना नंबर की बाइक के साथ उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जावेद उर्फ तुरवा पुत्र इलियास बताया। वहीं गाड़ी के कागज मांगने पर नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इस बाइक को हाल ही में संयुक्त कार्यालय सूरजपुर से चोरी किया है। जावेद ने बताया कि इससे पहले वह विश्रामपुर में बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। अभी अंबिकापुर में मछली बेचने का काम कर रहा है। पुलिस ने बताया कि सरगना जावेद से पूछताछ में अहम जानकारी मिली है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई करने टीम काम कर रही है।
पूछताछ में बताया इन क्षेत्र से चुराई इतनी बाइक
लगभग 1 साल के अंदर सूरजपुर मार्केट से एक बाइक, अंबिकापुर पुराना बस स्टैंड से एक बाइक, नया बस स्टैंड से तीन बाइक, कंपनी बाजार से एक बाइक, विश्रामपुर मार्केट से एक बाइक, जयनगर से एक बाइक चोरी की है। इनमें से तीन बाइक बड़वार निवासी असगर अली को दी थीं। उसने अलग-अलग लोगों को बेच दी। इसके अलावा तीन अन्य बाइक को आरोपी जावेद ने अलग-अलग लोगों को बेच दी।
इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी जावेद, चंदौरा थानाक्षेत्र के डांडकरवां निवासी अंसार आलम पुत्र नशीरूद्दीन अंसारी, रज्जी मोहम्मद पुत्र मोहम्मद युसुफ, रमकोला थानाक्षेत्र के बड़वार निवासी आस मोहम्मद पुत्र फैज मोहम्मद, असगर अली पुत्र अब्दुल मजीद, आनंद उर्फ सोनू पुत्र बिरजू सिंह, प्रतापपुर थानाक्षेत्र के मजगवां निवासी तुलसी यादव पुत्र जगदीश यादव, ओड़गी थानाक्षेत्र के भवरखोंह निवासी अशोक यादव पुत्र भगवान यादव, राजू यादव पुत्र धरमपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3k5QXuL
via IFTTT
No comments