हरी सब्जियों से कलाकारी, आकृतियों से बताए उन्हें खाने के फायदे
इंदरु केंवट कन्या कॉलेज के फूड एंड न्यूट्रिशन डिपार्टमेंट के छात्राओं ने एनएसएस प्रकोष्ठ के साथ मिलकर राष्ट्रीय पोषण माह के तहत अपने गांव के पारा, वार्ड में जाकर गर्भवती, शिशुवती महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं छोटे बच्चों को कुपोषण से बचाने जागरूक किया।
छात्राओं ने चित्रकारी, स्लोगन, रंगोली, सुपोषित थाली, खाद्य प्रदर्शनी, फल एवं सब्जियों की विभिन्न आकृति बनाकर पौष्टिक आहार की जानकारी दी। किशोरियों को माहवारी के दिनों के दौरान स्वच्छता रखने के तरीके और उसके फायदे भी बताए गए।
फूड एंड न्यूट्रिशन डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल ने कहा वर्तमान में पोषण के पांच सूत्र हैं। इसमें सही मायने में बच्चों को तंदरुस्त रखा जा सकता है, जिसमें पहला बच्चे के पोषण के सुनहरे 1000 दिन, दूसरा मां और बच्चे के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था, तीसरा एनीमिया की रोकथाम, चौथा डायरिया का उचित प्रबंधन एवं पांचवां स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य का बेहतर देखभाल शामिल हैं।
छात्राओं ने बताया- मुनगा की पत्ती में होता है कैल्शियम
बीए अंतिम वर्ष गृह विज्ञान की छात्रा कीर्ति कुंजाम, निशा कुरेटी ने बताया विभिन्न भाजियों और हरी सब्जियों की पत्तियों में प्रोटीन, विटामिन बी-6, विटामिन सी, विटामिन ए, विटामिन ई, आयरन, मैग्नीशियम पोटेशियम, जिंक जैसे तत्व पाए जाते हैं और मुनगा की पत्ती में कैल्शियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। मुनगा में एंटी ओक्सिडेंट बायोएक्टिव प्लांट कंपाउंड होते हैं। यह पत्तियां प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है। इसको खाने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, इसके अलावा स्वास्थ्य भी ठीक रहता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hGhgX3
via IFTTT
No comments