एनएसयूआई ने खाेला मोर्चा, कहा-छात्रों की फीस वापस करें
बस्तर यूनिवर्सिटी में कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार आॅनलाइन परीक्षाएं हो रहीं। ऐसे में छात्रों को प्रश्नपत्र से लेकर उत्तरपुस्तिका में लगने वाले कागज तक की व्यवस्था खुद को ही करनी है। बीयू सिर्फ ऑनलाइन प्रश्नपत्र ही छात्रों को उपलब्ध करवाएगा। ऐसे में अब छात्र संगठन छात्रों से वसूली गई फीस को वापस देने की मांग कर रहे। सोमवार को एनएसयूआई के प्रदेश सचिव आदित्य सिंह बिसेन के मार्गदर्शन में एवं प्रदेश सह सचिव अरुण गुप्ता एवं जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया के नेतृत्व में राज्यपाल एवं बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम कलेक्टर रजत बंसल को ज्ञापन सौंप बस्तर विश्वविद्यालय परीक्षा संबंधी परेशानियों को दूर करने की मांग की।
प्रदेश सह सचिव अरुण गुप्ता ने बताया बस्तर विश्वविद्यालय हमेशा से छात्र विरोधी निर्णयों को लेकर चर्चा में रहा है। कोरोनाकाल में परीक्षार्थियों को स्वयं उत्तर पुस्तिका इंटरनेट के माध्यम से डाउनलोड कर प्रिंट कराना है। यह फैसला निंदनीय है। इससे छात्रों को एक उत्तर पुस्तिका प्रिंट करवाने में 30 से 50 रुपए तक लग रहे हैं। बस्तर जैसे सुदूर अंचल में जहां कई क्षेत्र में इंटरनेट व्यवस्था नहीं है उन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा निर्णय है। बस्तर विश्वविद्यालय द्वारा लिए गए फैसले का एनएसयूआई कड़ा विरोध करती है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश सचिव ज्योति राव, विधानसभा अध्यक्ष विशाल खंबारी, जिला उपाध्यक्ष दिलेश्वर दीपक, जिला महासचिव शनाऊल रज़ा, जिला महासचिव नुरेंद्र राज, जिला महासचिव पंकज केंवट, जिला सचिव नीलम कश्यप आदि मौजूद थे।
नजदीकी कॉलेजों में जमा कराएं उत्तरपुस्तिकाएं
प्रदेश सचिव एवं बस्तर लोकसभा प्रभारी आदित्य सिंह बिसेन ने बस्तर विश्वविद्यालय के कुलसचिव से मिलकर मांग की है कि जब बस्तर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूर्व में ही परीक्षा शुल्क जमा किया है, जब बस्तर विश्वविद्यालय परीक्षा का आयोजन नहीं कर रहा तो छात्र-छात्राओं का पैसा उन्हें वापस करना चाहिए। छात्र-छात्राओं को उत्तर पुस्तिका अपने नजदीकी महाविद्यालयों में जमा करने दिया जाना चाहिए। अगर उत्तरपुस्तिका स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही जमा करवानी है तो स्पीड पोस्ट में लगने वाले शुल्क को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा शुल्क में से ही स्पीड पोस्ट में लगने वाले शुल्क को स्पीड पोस्ट की रसीद जमा करने पर वापस दिया जाए। साथ ही प्रश्नपत्र डाउनलोड करने की समय सीमा को खत्म किया जाए एवं परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका जमा करने की समय सीमा बढ़ाएं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iSIBXp
via IFTTT
No comments