जवान पहुंचे तो फायरिंग करते सामान छोड़कर भागे नक्सली
नहाड़ी में कैंप खुलना है, इसके पहले इस इलाके में नक्सलियों की लगातार बड़ी बैठकें चल रही हैं। मंगलवार को ककाड़ी, गुमोरी, नहाड़ी इलाके में ऑपरेशन पर निकले जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से नक्सली इलाके में घात लगाए बैठे थे। बड़ी बात ये है कि दरभा डिवीजन डीवीसी देवा बारसा, मलांगिर एरिया डीवीसीएम विनोद हेमला, सचिव सोमडू, रवा भीमा, लखमे माड़वी, रणसाय, जयलाल, देवा हेमला, राकेश हेमला जैसे इलाके के बड़े नक्सल लीडर्स की मौजूदगी थी। इन सबकी मौजूदगी में बड़े हमले की तैयारी थी। जैसे ही जवान यहां पहुंचे फायरिंग शुरू हो गई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गए। जवानों ने इलाके से भारी मात्रा में नक्सल वर्दी, टिफिन बम, डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 नग ज़िंदा कारतूस, 1 धनुष, 05 तीर, डपली, पिट्ठू, नक्सल वर्दी, नक्सली साहित्य सहित कई सारे सामान बरामद हुए हैं। यहां सर्चिंग पर खून के धब्बे भी मिले हैं, ऐसे में पुलिस का दावा है कि यहां नक्सली घायल हुए हैं या फिर मारे गए हैं।
बताया जा रहा है इस इलाके में करीब 60-70 नक्सली घात लगाए हुए बैठे थे व पुलिस पार्टी को घेरने पूरी तरह से रणनीति बनी हुई थी। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि इलाके के जितने भी बड़े नक्सल लीडर्स हैं सभी की मौजूदगी में बड़े हमले की तैयारी नक्सलियों ने कर रखी थी। जवानों की सूझबूझ व जवाबी कार्रवाई से नक्सली सामान छोड़कर भाग गए। यहां से भारी मात्रा में सामान मिले हैं।
इसी इलाके में कैंप खोलने का चल रहा जबरदस्त विरोध
नहाड़ी, ककाड़ी इलाके में कैंप खोलने की खबर के बाद यहां जबरदस्त विरोध चल रहा है। विरोध में इलाके की सड़कों को कई जगह से ग्रामीणों ने काट दिया है। दरअसल ये पूरा इलाका नक्सलियों का बड़ा गढ़ है। यहां नक्सलियों की बैठकें भी लगातार चलने की खबरें पुलिस को मिल रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ooWJuG
via IFTTT
No comments