हर हफ्ते घट रहे कोरोना संक्रमित 681 की जांच में 22 ही केस मिले
गुरूवार को जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या घट कर 22 पर आकर ठहर गई। जबकि इस दिन कुल 681 लोगों के सेंपल लेकर जांच की गई थी। इतनी बढ़ी संख्या में सैंपल लेने के बाद मात्र 22 पॉजिटिव मिलने तथा सप्ताहभर से पॉजिटिव मरीजों के मौत पर ब्रेक लगने का संकेत काफी राहत भरा है। सप्ताहवार मरीजों की जांच व रिपोर्ट के पिछले आंकड़े देखे तो जिले में धीरे-धीरे पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटती जा रही है।
जिले में चार सप्ताह पूर्व तक जांच में प्रति सप्ताह औसत 500 मरीज मिल रहे थे। जबकि पिछले सात दिन में मात्र 272 पॉजिटिव मरीज ही मिले हैं। ऐसा भी नहीं है कि इस सप्ताह जांच के लिए सेंपल की संख्या घटी हो। जांच के लिए जो प्रतिदिन सेंपल लिए जा रहे थे उनकी संख्या 6 से 7 सौ के करीब है। और अब भी उतने ही सेंपल लेने पर मरीज कम होते जा रहे हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीज की संख्या भी कम होती जा रही है। अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती मरीजों की संख्या देखे तो इसमें भी भारी गिरावट आई है।
मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट रहे हैं। जिले में कांकेर, नरहरपुर व दुर्गूकोंदल अस्पताल में कुल 300 बेड है। इनमें 5 नवंबर की स्थिति में मात्र 70 मरीज ही भर्ती हैं। इसमें भी कोई गंभीर नहीं है। कांकेर कोविड अस्पताल के दो सौ बिस्तर में 172 बिस्तर खाली पड़े हैं। यहां मात्र 28 मरीज ही भर्ती हैं। जबकि पचास पचास बिस्तर वाले नहरपुर अस्पताल में 20 तथा दुर्गूकोंदल अस्पताल में 22 मरीज भर्ती हैं। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सप्ताहवार मरीजों की जांच व रिपोर्ट के पिछले आंकड़े देखे तो जिले में धीरे धीरे पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटती जा रही है।
नरहरपुर में एएसआई व आरक्षक पॉजिटिव
नरहरपुर थाना में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गुरूवार को एक एएसआई व आरक्षक को पॉजिटिव पाया गया। इसके चार दिन पूर्व यहां के प्रधान आरक्षक को पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद गुरूवार को थाना के पूरे स्टाफ की जांच की गई। जिसमें पॉजिटिव पाए गए एएसआई व आरक्षक को होम क्वारेंटाइन में भेज दिया गया है। थाना को सैनेटाइज किया जा रहा है।
कोरोना मरीजों का आंकड़ा हर सात दिनों में
- 18 से 24 सितंबर - 546
- 25 सितंबर से 1 अक्टूबर- 479
- 2 से 8 अक्टूबर - 608
- 9 से 15 अक्टूबर - 642
- 16 से 22 अक्टूबर - 514
- 23 से 29 अक्टूबर - 451
- 30 अक्टूबर से 5 नवंबर - 272
धनेलीकन्हार में नर्स पाॅजिटिव, अस्पताल बंद
धनेलीकन्हार स्वास्थ्य केंद्र में गुरूवार को स्टाफ नर्स को पॉजिटिव पाया गया। नर्स में कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे थे। जिससे उसकी जांच की गई। मूलत: झिपाटोला की रहने वाली नर्स चिरायु में सेवारत है। लेकिन उसे कुछ दिनों से धनेलीकन्हार में अटैच किया गया है। नर्स को उसके निवास पर होम आइसोलेशन भेज दिया गया है। अस्पताल को अगले दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। अस्पताल में ड्यूटी के दौरान नर्स के संपर्क में आए मरीजों व स्टाफ की जांच शुरू की गई है। भर्ती मरीजों को भी छुट्टी देकर उन्हें घर में शिफ्ट कर दिया गया है। विदित हो इसके पहले भी धनेलीकन्हार अस्पताल में 4 कर्मचारी पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eyYxNc
via IFTTT
No comments